YouTube: फर्जी खबर फैलाने वाले चैनलों पर दिखाना होगा डिस्क्लेमर, सरकार ने यूट्यूब को दिए निर्देश
आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले ऑनलाइन "गलत सूचना" पर नकेल कसने के प्रयास के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने कई डिजिटल प्लेटफार्म को एक ज्ञापन भेजा है।

विस्तार
सरकार ने वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म यूट्यूब (YouTube) के लिए निर्देश जारी किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) की ओर से जारी किए गए इन निर्देश में प्लेटफार्म से फर्जी समाचार चैनलों के खिलाफ कानूनी उपाय शुरू करने और उन चैनलों पर डिस्क्लेमर लगाने के लिए कहा गया है। बता दें कि हाल ही में सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म को भारत में बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री हटाने के लिए भी चेतावनी जारी की है।
सरकार ने कई डिजिटल प्लेटफार्म को दिए निर्देश
आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले ऑनलाइन "गलत सूचना" पर नकेल कसने के प्रयास के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने कई डिजिटल प्लेटफार्म को एक ज्ञापन भेजा है। आईएएनएस के अनुसार, सरकार ने यह भी सलाह दी कि फर्जी खबरों के खतरे का मुकाबला करने के लिए इन चैनलों पर एक डिस्क्लेमर भी दिखाया जाना चाहिए।
अधिकारियों द्वारा फर्जी समाचार चैनलों पर "समाचार वेरिफाइड नहीं" लेबल का प्रस्ताव दिया गया है। यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब फेक्ट चेक यूनिट नियुक्त करने की सरकार की योजना के संभावित सेंसरशिप विवाद पहले से ही गर्माया हुआ है।