सरकार ने इंटरनेट कंपनियों को दिया WeTransfer ब्लॉक करने का आदेश

भारत में फाइल शेयरिंग साइट वीट्रांसफर (WeTransfer) को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। हाल ही में भारत सरकार के टेलीकम्युनिकशन विभाग ने वीट्रांसफर पर बैन लगा दिया था और अब सरकार ने देश की सभी इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों से कहा है कि वे अपने नेटवर्क पर वीट्रांसफर को ब्लॉक करें।
वीट्रांसफर को बंद करने की वजह सार्वजनिक हित और राष्ट्रीय सुरक्षा कही जा रही है। बता दें कि लॉकडाउन के कारण लाखों लोग देश में वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं और इस दौरान वे बड़ी फाइलों को भेजने के लिए वीट्रांसफर का ही इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से लाखों लोग प्रभावित होंगे।
ये भी पढ़ें: BHIM एप की सिक्योरिटी में बड़ी सेंध, 70 लाख यूजर्स का निजी डाटा हुआ लीक
भारत में ब्लॉक किए जाने के बारे में वीट्रांसफर ने भी अपने यूजर्स को ब्लॉग के जरिए सूचित किया है। ब्लॉग में कहा गया है कि कंपनी भारत सरकार द्वारा इस तरह के बैन लगाने जाने के बाद यह समझने की कोशिश कर रही है आखिर उसे क्यों ब्लॉक किया गया है।
बता दें कि वीट्रासंफर साल 2009 में नीदरलैंड में शुरू हुआ था। इस वेबसाइट के साथ यूजर्स फ्री में एक बार में 2 जीबी साइज की तक की फाइलें किसी को भेज सकते हैं। वहीं पैसे देने पर 20 जीबी तक की फाइल देश-दुनिया के किसी भी कोने में भेजा जा सकती है।