गूगल ट्रेंड्स: अब पहाड़-समुद्र नहीं, इस सीक्रेट ट्रेंड के दीवाने हुए लोग, गूगल पर क्या सर्च कर रहे भारतीय?

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 29 Nov 2026 05:28 PM IST
सार
  • Google Trends की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रियों में मशहूर टूरिस्ट स्पॉट पर जाने का क्रेज कम हो रहा है।
  • साल 2026 में भारतीय यात्रियों के बीच माइक्रो-ट्रिप्स, वेलनेस रिट्रीट और सोलो ट्रैवल का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
  • ट्रिप प्लान करने के लिए AI टूल्स का इस्तेमाल भी 600% तक बढ़ गया है।
google trends reveals india travel style in 2026 led by experiential micro trips wellness and solo travel with
गूगल पर बढ़ा माइक्रो-ट्रिप्स से संबंधित सर्च। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    घूमने का मतलब अब सिर्फ मशहूर पर्यटन स्थलों पर जाना, फोटो खींचना और होटल में ठहरना नहीं रह गया है। भारतीय यात्रियों की पसंद तेजी से बदल रही है। कोई पहाड़ों में शांति तलाश रहा है, तो कोई म्यूजिक फेस्टिवल या एडवेंचर के लिए अपनी यात्रा प्लान कर रहा है। वहीं, लंबी छुट्टियों के बजाय एक दिन की छोटी ट्रिप और अकेले घूमने का ट्रेंड भी बढ़ रहा है। गूगल ट्रेंड्स के 2026 के आंकड़े बताते हैं कि भारत में ट्रैवल के तीन नए पैटर्न तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

    घूमने के साथ अनुभव और सुकून तलाश रहे लोग

    • भारतीय यात्रियों के लिए अब यात्रा का अनुभव ज्यादा मायने रखने लगा है। लोग प्राकृतिक जगहों, हाइकिंग ट्रेल्स, म्यूजिक फेस्टिवल और कम भीड़ वाले पर्यटन स्थलों को अपनी ट्रिप का हिस्सा बना रहे हैं। गूगल के मुताबिक, 'हिडन जेम्स इंडिया' यानी छिपी हुई खूबसूरत जगहों की सर्च में 400% की बढ़ोतरी हुई है।
    • वहीं, घूमने के साथ सेहत और मानसिक सुकून पर ध्यान देने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। 'वेलनेस ट्रैवल इंडिया' की सर्च में 1600% और 'फिटनेस ट्रिप' की सर्च में 950% उछाल आया है। लोग ऐसी जगहों पर जाना चाहते हैं जहां रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर रहकर आराम कर सकें।
    • शांत माहौल में समय बिताने के लिए 'साइलेंट रिट्रीट' की सर्च 150% बढ़ी है। वहीं, धीमी गति से यात्रा करने यानी 'स्लो ट्रैवल' को समझने और अपनाने में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है।

    एक दिन की ट्रिप का बढ़ा ट्रेंड

    • घूमने के लिए अब लंबी छुट्टियों का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। वीकेंड और लॉन्ग वीकेंड ट्रिप के साथ लोग कम समय में घूमकर लौटने वाले विकल्प भी तलाश रहे हैं। गूगल के अनुसार, पिछले एक साल में '1 डे ट्रिप नियर मी' की सर्च 130% बढ़ी है। इस ट्रेंड में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा।
    • लोग अपनी जरूरत और लाइफस्टाइल के हिसाब से ठहरने की जगह भी चुन रहे हैं। पालतू जानवर के साथ यात्रा करने वाले लोग पेट फ्रेंडली होटल तलाश रहे हैं, वहीं बजट में घूमने वालों की दिलचस्पी अफोर्डेबल होमस्टे में बढ़ रही है। परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोग फैमिली फ्रेंडली डेस्टिनेशन की तलाश कर रहे हैं।

    अकेले घूमने के साथ नए लोगों से जुड़ने का ट्रेंड

    • सोलो ट्रैवल यानी अकेले यात्रा करना भी अब पहले के मुकाबले ज्यादा लोकप्रिय हो रहा है। लोग अकेले घूमने के लिए गाइड, सुरक्षित जगहों, यात्रा के खर्च और डेस्टिनेशन से जुड़ी जानकारी खोज रहे हैं।
    • गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक, 'सोलो ट्रैवल गाइड', 'बेस्ट प्लेसेज टू ट्रैवल सोलो' और 'सोलो ट्रैवल कॉस्ट इंडिया' जैसे सर्च तेजी से लोकप्रिय हुए हैं। हालांकि, अकेले यात्रा करने वाले लोग नए लोगों से जुड़ने में भी दिलचस्पी रखते हैं। 'ट्रैवल कम्युनिटी' की सर्च में 400% की बढ़ोतरी हुई है। यानी लोग अपनी पसंद के मुताबिक अकेले घूमना चाहते हैं, लेकिन यात्रा के दौरान नए दोस्त और समान रुचियों वाले लोगों से मिलने का मौका भी तलाश रहे हैं।

    ट्रिप प्लानिंग में बढ़ी Google AI की भूमिका

    • Google Search में AI Mode:सोशल मीडिया पर किसी खूबसूरत कैफे या जगह की तस्वीर पसंद आने पर उसका स्क्रीनशॉट लेकर सीधे Google Search के AI Mode में अपलोड करें। यह तुरंत उस जगह की पहचान कर आपकी पूरी ट्रिप प्लान कर देगा।
    • Gemini से पर्सनलाइज्ड प्लानिंग:Gemini एप में पर्सनल इंटेलिजेंस ऑन करके और Gmail, YouTube व Google Photos को लिंक करके आप अपनी पिछली पसंद के आधार पर बेहद सटीक और कस्टमाइज्ड ट्रैवल प्लान बनवा सकते हैं।
    • Ask Maps के साथ लोकल एक्सप्लोरेशन:नई जगह पहुंचने के बाद आप रास्ते में चलते हुए 'Ask Maps' से बातचीत के अंदाज में सवाल पूछ सकते हैं, जैसे होटल जाते समय रास्ते में किसी बेहतरीन पारंपरिक रेस्टोरेंट का पता लगाना।
    और पढ़ें...