सस्ते स्मार्टफोन लॉन्च करने की गूगल ने नहीं की है घोषणा, किया जा रहा फर्जी दावा

हर साल की तरह इस साल भी गूगल के इवेंट गूगल फॉर इंडिया 2020 का आयोजन किया गया है। गूगल फॉर इंडिया का यह छठा संस्करण था। इस इवेंट का आयोजन पहली बार वर्चुअली किया गया। गूगल फॉर इंडिया इवेंट की शुरुआत गूगल इंडिया के हेड संजय गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि गूगल भारत में इतना स्मार्ट हो गया है कि मौसम के बारे में 24 घंटे पहले सटीक भविष्यवाणी कर सकता है। इस इवेंट के बाद एक मैसेज वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं इस मैसेज की सच्चाई...
सुंदर पिचाई के बयान को किया जा रहा गलत तरीके से इस्तेमाल
इस इवेंट के बाद एक मैसेज वायरल हुआ है जिसमें दावा किया जा रहा है कि गूगल भारत में डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए कम कीमत में स्मार्टफोन लॉन्च करेगा ताकि फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले सभी लोग स्मार्टफोन इस्तेमाल करने लगें।
बता दें कि इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है। गूगल ने ऐसा कोई एलान नहीं किया है। सच्चाई यह है कि सुंदर पिचाई ने भारत में सस्ते स्मार्टफोन और सस्ते इंटरनेट की तारीफ की है ना कि सस्ता स्मार्टफोन लॉन्च करने की घोषणा की है। उन्हें भारतीय टेलीकॉम के इंफ्रास्ट्रक्चर की भी तारीफ की है। सुंदर पिचाई के इस बयान को आप गूगल इंडिया के ब्लॉग पर पढ़ सकते हैं।

इवेंट को संबोधित करते हुए गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि डिजिटल इंडिया के लिए गूगल अगले 5-7 सालों में 75,000 करोड़ रुपये का निवेश करने वाला है। गूगल का यह निवेश इक्विटी इनवेस्टमेंट, पार्टनरशिप और ऑपरेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम इंडस्ट्री में होगा।
ये भी पढ़ें: Google for India 2020: डिजिटल भारत के लिए गूगल करेगा 75,000 करोड़ का निवेश
गूगल ने सीबीएसई के साथ साझेदारी की घोषणा भी की है जिसके तहत ई-लर्निंग का विस्तार किया जाएगा और देश के 22 हजार स्कूलों के 10 लाख शिक्षकों को ई-क्लास के बारे में ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे कम कीमत में उन इलाकों के बच्चों को भी उच्च शिक्षा दे सकें जहां टेक्नोलॉजी की पहुंच बहुत कम है।