जेमिनी टास्क: गूगल भारतीय यूजर्स को मुफ्त दे रही है ये दमदार एआई टूल, बैकग्राउंड में निपटाएगा आपके जरूरी काम
सार
- गूगल ने भारतीय यूजर्स के लिए अपने एआई असिस्टेंट जेमिनी का एक खास फीचर फ्री कर दिया है।
- अब बिना पेड सब्सक्रिप्शन के भी यूजर्स इस एआई टूल का फायदा उठा सकेंगे।
- इसकी मदद से ट्रैवल प्लानिंग से लेकर रोजाना की ब्रीफिंग तक तैयार करवाई जा सकती है।

विस्तार
गूगल जेमिनी का इस्तेमाल करने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब भारतीय यूजर्स बिना किसी पेड सब्सक्रिप्शन के AI Tasks फीचर का फायदा उठा सकेंगे। इसकी मदद से जेमिनी सिर्फ सवालों के जवाब ही नहीं देगा, बल्कि कई लेवल में होने वाले काम खुद पूरा करेगा। इतना ही नहीं, यूजर्स इसे रोजाना या तय समय पर दोहराए जाने वाले काम भी सौंप सकते हैं। आइए जानते हैं गूगल के इस फ्री एआई टूल का कैसे फायदा उठाया जा सकता है।
भारत में फ्री यूजर्स को मिला Gemini Tasks फीचर
- गूगल ने 17 नवंबर को Gemini Tasks फीचर का एलान किया था। अब इसे भारत समेत छह देशों में यूजर्स के लिए मुफ्त रोलआउट किया जा रहा है। भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया के यूजर्स भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए Google AI का पेड सब्सक्रिप्शन लेना जरूरी नहीं होगा।
- सामान्य तौर पर जेमिनी चैट से कोई सवाल पूछने पर वह एक जवाब देता है। लेकिन टास्क फीचर इससे आगे काम करता है। इसमें यूजर किसी बड़े काम की जिम्मेदारी एआई को सौंप सकता है। इसके बाद जेमिनी बैकग्राउंड में उस काम के अलग-अलग लेवल में पूरे करता है और काम पूरा होने पर यूजर को नोटिफिकेशन भेजता है।
- फ्री यूजर्स के लिए यह फीचर गूगल के Hydrogen 4 मॉडल पर काम करेगा।
जेमिनी टास्क क्या है?
- Gemini Tasks गूगल के AI असिस्टेंट का एक फीचर है, जिसकी मदद से आप जेमिनी को कोई काम सौंपकर उसे बैकग्राउंड में पूरा करवा सकते हैं। यानी अब जेमिनी सिर्फ आपके सवालों के जवाब देने या जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आपके निर्देशों के अनुसार कई चरणों वाले काम भी कर सकेगा।
- उदाहरण के लिए, आप जेमिनी से कह सकते हैं कि हर सुबह आपके ईमेल और गूगल कैलेंडर को देखकर दिनभर के जरूरी कामों की एक लिस्ट तैयार करे। इसके बाद जेमिनी तय समय पर यह काम खुद करेगा और पूरा होने पर आपको नोटिफिकेशन भेजेगा।
Gemini Chat और Gemini Tasks में क्या अंतर है?
| Gemini Chat | Gemini Tasks |
|---|---|
| सवालों के जवाब देता है | काम की जिम्मेदारी लेता है |
| एक बार में दिए गए निर्देश पर जवाब देता है | कई चरणों में काम कर सकता है |
| आमतौर पर तुरंत जवाब देता है | बैकग्राउंड में काम जारी रख सकता है |
| हर बार नया निर्देश देना पड़ सकता है | नियमित काम शेड्यूल कर सकते हैं |
| जानकारी और कंटेंट तैयार करता है | रिसर्च, प्लानिंग और कामों को मैनेज करता है |
इससे कौन-कौन से काम करवा सकते हैं?
- ईमेल मैनेजमेंट:Gmail के जरूरी ईमेल का सार और प्राथमिकता के हिसाब से लिस्ट तैयार करना।
- डेली ब्रीफिंग:हर सुबह कैलेंडर और ईमेल देखकर दिनभर के काम बताना।
- ट्रैवल प्लानिंग:किसी शहर की यात्रा के लिए जगहों, रूट और जरूरी जानकारी की रिसर्च करना।
- नियमित रिसर्च:किसी खास विषय पर नए अपडेट तलाशना और तय समय पर रिपोर्ट देना।
- काम की प्लानिंग:टू-डू लिस्ट बनाना और कैलेंडर में जरूरी कामों का समय तय करना।
Gmail से लेकर Google Maps तक मिलेगा सपोर्ट
- Gemini Tasks को गूगल की कई दूसरी सेवाओं के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें जीमेल, गूगल कैलेंडर, गूगल ड्राइव, डॉक्स, शीट्स, स्लाइड्स, यूट्यूब और गूगल मैप्स शामिल हैं। इसके अलावा कुछ चुनिंदा थर्ड-पार्टी ऐप्स का सपोर्ट भी दिया गया है।
- हालांकि, इन सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को जेमिनी में संबंधित इंटीग्रेशन की अनुमति देनी होगी। सभी ऐप्स और फीचर्स हर देश में उपलब्ध हों, यह जरूरी नहीं है।
कैसे इस्तेमाल करें Gemini Tasks?
- इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपने स्मार्टफोन या डेस्कटॉप पर Gemini एप या जेमिनी वेबसाइट खोलना होगा। यहां सामान्य चैट के बजाय Tasks सेक्शन में जाकर अपना काम और उससे जुड़ी जानकारी देनी होगी। इसके बाद जेमिनी दिए गए निर्देशों के मुताबिक बैकग्राउंड में काम करेगा और पूरा होने पर नोटिफिकेशन भेजेगा।
- ध्यान देने वाली बात यह है कि फिलहाल यह सुविधा 18 साल या उससे अधिक उम्र के उन यूजर्स के लिए है, जिनके पास पर्सनल गूगल अकाउंट है। इसके लिए Gemini Apps Activity का ऑन होना जरूरी है। वर्क और स्कूल अकाउंट पर अभी यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।
- कुल मिलाकर, Gemini Tasks के फ्री होने से अब ज्यादा यूजर्स एआई की मदद से सिर्फ कंटेंट तैयार करने के बजाय अपने रोजमर्रा के कई काम भी करवा सकेंगे।
और पढ़ें...
- टेक टिप्स: क्या फ्लाइट मोड में वाकई तेज चार्ज होता है फोन? आप भी करते हैं ऐसा तो जानें फायदे और नुकसान
- पोर्टेबल vs पार्टी स्पीकर: घर, ट्रैवल या पार्टी के लिए कौन सा रहेगा बेहतर? जानें दोनों के फायदे और नुकसान
- शाओमी 18 प्रो की कीमत लीक: अल्ट्रा-प्रीमियम सेगमेंट में एंट्री की तैयारी, भारत में इतने लाख हो सकती है कीमत
- एयरटेल: इंटरनेशनल रोमिंग की टेंशन खत्म! 500 ग्राहकों को मिलेगा ₹500 का वाउचर, जानें क्या है ऑफर