Google ने शाओमी के इस एप को किया ब्लॉक, यूजर्स की निजी जानकारी कर रहा था हैक

हाल ही के दिनों में देश के कई पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के व्हाट्सएप अकाउंट हैक हुए थे, जिसके बाद से ही सोशल मीडिया कंपनियों पर डाटा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। इतना ही नहीं हैकर्स भी अब एप, मैसेज और वीडियो के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। साथ ही निजी जानकारी लीक या चोरी करते हैं।
वहीं, भारत सरकार समेत कई फेसबुक और ट्विटर जैसी कंपनियों ने डाटा हैकिंग के खिलाफ कई कड़े कदम उठाएं है। अब जानकारी सामने आई है कि दिग्गज सर्च इंजन कंपनी गूगल ने चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी के एक एप को ब्लॉक कर दिया है।

गूगल ने क्विक एप को किया ब्लॉक
दरअसल, टेक कंपनी गूगल ने चीनी कंपनी शाओमी के क्विक एप्स (Quick apps) को प्रोटेक्ट पॉलिसी के तहत ब्लॉक कर दिया है। यह जानकारी शाओमी के कई यूजर्स ने ट्विटर पर ट्वीट कर शेयर की हैं। वहीं, यह एप यूजर्स की कॉल, फोटो, वीडियो और मैसेज जैसी निजी जानकारी को हैक करता था।
आपको बता दें गूगल ने इस एप को अपडेट होने के बाद 14 नवंबर को ब्लॉक किया है। लेकिन अब तक गूगल ने एप को प्ले स्टोर से हटाने को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। वहीं, दूसरी तरफ शाओमी ने भी इस मामले को लेकर बयान नहीं दिया है।

क्विक एप ने यूजर्स की जानकारी को किया हैक
रिपोर्ट के मुताबिक, शाओमी के क्विक एप ने अप्रैल में कई यूजर्स की अनुमति के बिना फोन में कई थर्ड पार्टी एप्स डाउनलोड किए थे। साथ ही इस एप ने यूजर्स के फोन की आईएमआई, आईएमएसआई, सिम नंबर, ऑडियो, वीडियो, कॉल्स और मैसेज को ट्रेक किया था। इसके अलावा एप ने एनालेटिकल डैशबोर्ड के जरिए यूजर्स की सारी जानकारी अपने सर्वर पर पहुंचाता था। वहीं, दूसरी तरफ इस एप ने स्क्रीन और ब्राउजर को लॉक करने की कोशिश की थी।