Smartphone: स्मार्टफोन मार्केट में मंदी, फिर भी Apple बना नंबर-1! पहली तिमाही में शिपमेंट्स 6% घटी
Smartphone Shipments Q1 2026:
साल 2026 की पहली तिमाही में वैश्विक स्मार्टफोन बाजार में 6% की गिरावट दर्ज की गई है। मेमोरी चिप्स की कमी और बढ़ती कीमतों के बीच एप्पल ने पहली बार पहली तिमाही में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि सैमसंग और शाओमी के शिपमेंट में गिरावट आई है।

विस्तार
दुनिया भर में स्मार्टफोन की बिक्री के लिए साल 2026 की शुरुआत काफी चुनौतीपूर्ण रही है। काउंटरप्वाइंट रिसर्च की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की पहली तिमाही (Q1 2026) में स्मार्टफोन शिपमेंट में पिछले साल के मुकाबले 6% की कमी आई है। इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह DRAM और NAND मेमोरी चिप्स की भारी किल्लत है।
दरअसल, चिप बनाने वाली कंपनियां अब कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स के बजाय AI डेटा सेंटर्स को ज्यादा प्राथमिकता दे रही हैं। इससे मोबाइल कंपनियों के लिए लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर फोन की कीमतों और उपलब्धता पर पड़ रहा है। इसके अलावा, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव ने भी ग्राहकों के उत्साह को कम किया है।

एपल का पहली बार बनी Q1 में शानदार प्रदर्शन
तमाम चुनौतियों के बावजूद दिग्गज टेक कंपनी एपल ने इतिहास रच दिया है। स्मार्टफोन बाजार के इतिहास में यह पहली बार है जब एपल ने साल की पहली तिमाही में 21% मार्केट शेयर के साथ पहला स्थान हासिल किया है। एपल के शिपमेंट में 5% की सालाना बढ़त देखी गई है, जिसका मुख्य श्रेय आईफोन 17 (iPhone 17) सीरीज की जबरदस्त मांग को जाता है। एपल की प्रीमियम इमेज और उसके मजबूत सप्लाई चेन मैनेजमेंट ने उसे मेमोरी चिप के संकट से सुरक्षित रखा है। कंपनी ने चीन, भारत और जापान जैसे प्रमुख बाजारों में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

सैमसंग और शाओमी की राह हुई मुश्किल
दूसरी ओर, दुनिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग को इस तिमाही में थोड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। सैमसंग का शिपमेंट 6% गिर गया है और अब वह 20% मार्केट शेयर के साथ दूसरे स्थान पर है। इसका मुख्य कारण गैलेक्सी एस26 (Galaxy S26) सीरीज के लॉन्च में देरी और एंट्री-लेवल सेगमेंट में कम मांग को माना जा रहा है। हालांकि, एस26 के अल्ट्रा वेरिएंट को लेकर ग्राहकों में काफी क्रेज देखा गया है। वहीं, चीनी कंपनी शाओमी (Xiaomi) को सबसे तगड़ा झटका लगा है। शाओमी के शिपमेंट में 19% की भारी गिरावट आई है। किफायती फोन बनाने वाली कंपनियों पर मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों का सबसे बुरा असर पड़ा है, जिससे शाओमी का मार्केट शेयर सिमटकर 12% रह गया है।
- Tec Tips: किस कमरे में कितने इंच का सीलिंग फैन है सही, ये फॉर्मूला जान गए तो मेहनत और पैसे दोनों बचेंगे
- Robot Race: बीजिंग हाफ मैराथन में इंसानों से तेज दौड़े रोबोट्स, तोड़ डाले रिकॉर्ड, 50 मिनट में पूरा किया रेस
- Motorola: मोटोरोला का ये तगड़ा फोन हुआ बेहत सस्ता, 1.5K pOLED डिस्प्ले और टेलीफोटो कैमरा से है लैस
- OnePlus Nord CE 6 Lite के स्पेक्स हुए रिवील: Dimensity प्रोसेसर के साथ मिलेगा 8GB RAM, जानिए क्या होगा खास