Hybrid War: रूस पर भड़का जर्मनी! साइबर हमलों और चुनावी दखल का लगाया आरोप, रूसी एंबेसडर को किया तलब
Germany Alleged Russia Over Cyber Attack:
जर्मनी ने रूसी राजदूत को तलब कर देश की सुरक्षा पर मंडराते खतरे को लेकर सख्त नाराजगी जताई है। बर्लिन का आरोप है कि रूस 'हाइब्रिड वॉर' के जरिए न सिर्फ साइबर हमले कर रहा है बल्कि चुनावों को प्रभावित करने की साजिश भी रच रहा है।

विस्तार
जर्मनी और रूस के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है। शुक्रवार को जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने रूसी राजदूत को बर्लिन में तलब किया। इसकी वजह रूस की तरफ से जर्मनी पर लगातार हो रहे हाइब्रिड हमलों को बाताया जा रहा है। शुक्रवार को जर्मन विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि उनके पास इस बात के पक्के सबूत हैं कि रूस एक सोची-समझी साजिश के तहत जर्मनी की आंतरिक स्थिरता को बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
हवाई यातायात पर साइबर हमले का आरोप
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने खुलासा किया कि अगस्त 2024 में जर्मनी के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ था। जांच में सामने आया है कि इसके पीछे रूसी हैकर ग्रुप 'फैंसी बियर' का हाथ था। प्रवक्ता ने साफ तौर पर कहा, "हमारी खुफिया जानकारी पुष्टि करती है कि इस हमले के लिए रूस की मिलिट्री इंटेलिजेंस सर्विस जिम्मेदार है।"
चुनावों में दखलअंदाजी और फेक न्यूज
मामला सिर्फ हैकिंग तक सीमित नहीं है, बर्लिन ने दावा किया है कि 'स्टॉर्म 1516' नाम के एक रूसी प्रोपेगेंडा ग्रुप ने जर्मनी के चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की। यह ग्रुप 2024 से एक्टिव है और पश्चिमी देशों में चुनावों के दौरान फेक न्यूज फैलाने का काम करता है।
जर्मनी में हालिया संघीय चुनाव के दौरान इस ग्रुप ने ग्रीन पार्टी के रॉबर्ट हैबेक और क्रिश्चियन डेमोक्रेट उम्मीदवार फ्रेडरिक मर्ज को निशाना बनाया था। वोटिंग से ठीक दो दिन पहले बैलेट पेपर्स में गड़बड़ी के फर्जी वीडियो वायरल कर दिए गए, ताकि लोगों का भरोसा डगमगा जाए।
जर्मनी ने दी चेतावनी
जर्मन सरकार ने इसे अपनी सुरक्षा के लिए ठोस खतरा बताया है। प्रवक्ता ने कहा कि रूस न सिर्फ यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ रहा है, बल्कि जर्मनी के भीतर भी ऐसी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। जर्मनी अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर रूस के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। इसमें उन लोगों पर नए प्रतिबंध लगाना शामिल है जो इन हाइब्रिड हमलों के लिए जिम्मेदार हैं।
- Android: मुसीबत के वक्त 'देवदूत' बनेगा आपका स्मार्टफोन! Google लाया जान बचाने वाला धांसू फीचर
- No Camera iPhone: कभी देखा है बिना कैमरे वाला आईफोन? जानें क्यों बनाए जाते हैं और कौन करता है इस्तेमाल
- YouTube Shorts: शॉर्ट्स के 1,000 व्यूज पर कितने पैसे देता है यूट्यूब? किस तरह के कंटेंट से होगी ज्यादा कमाई?
- SMS: कौन भेज रहा है 127000 नंबर से मैसेज, कहीं फ्रॉड तो नहीं? जानिए क्या है सच्चाई?