आईफोन की मैन्युफैक्चरर कंपनी Foxconn करेगी भारत में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश

संक्रमण फैलने के कारण पूरी दुनिया के पांव जहां थम गए हैं, वहीं भारत में अप्रैल की शुरुआत से ही विदेशी निवेश लगातार हो रहे हैं। सबसे पहले अमेरिकी कंपनी फेसबुक ने रिलायंस जियो में निवेश किया, उसके बाद कई कंपनियों ने एक-एक करके निवेश किए। भारत में निवेश का सबसे बड़ा कारण यह है कि पूरी दुनिया की नजर भारतीय बाजार पर है। चीन से तमाम देशों के विवाद के बाद भारत आईटी का सबसे बड़ा हब बन गया है।
आप में से कई लोग जानते होंगे कि एपल के आईफोन की मैन्युफैक्चरर कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) है। फॉक्सकॉन पहले से ही तमिलनाडु के प्लांट में एपल के आईफोन बना रही है, लेकिन अब कंपनी इस प्लांट को और विस्तार देना चाहती है। इस विस्तार के लिए कंपनी भारत में एक बिलियन डॉलर्स यानी करीब 7,500 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है।
फॉक्सकॉन के इस निवेश से भारत में करीब छह हजार नए रोजगार पैदा होंगे। ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन भारतीय प्लांट में आईफोन XR का निर्माण करती है लेकिन कंपनी जल्द ही आईफोन एसआई 2020 का भी निर्माण इसी प्लांट में करने वाली है।
चीन से संक्रमण फैलने के बाद पूरी दुनिया अब चाइनीज बाजार से तौबा करने लगी हैं। कहा जा रहा है कि एपल धीरे-धीरे चीन से अपना बाजार समेट रही है जिसके बाद कंपनी का नया अड्डा भारत हो सकता है।