Vivo और iQOO यूजर्स हो जाएं सावधान: फर्जी 'सिस्टम अपडेट' के जरिए खाली हो रहे बैंक खाते, जारी हुआ अलर्ट

Nitish Kumar
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीNitish Kumar
Tue, 21 Apr 2026 05:36 PM IST
सार

OriginOS Update Scam:

वीवो (Vivo) और आईक्यू (iQOO) स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक जरूरी चेतावनी है। साइबर ठग फर्जी OriginOS Update के जरिए आपके डिवाइस में खतरनाक मैलवेयर इंस्टॉल करवा रहे हैं। केरल पुलिस ने चेतावनी जारी की है कि इस स्कैम से हैकर्स पल भर में निजी डेटा चुराकर आपका बैंक खाता पूरी तरह खाली कर सकते हैं।

विज्ञापन
fake originos update scam vivo iqoo users kerala police warning tech news hindi
ओएस अपडेट करने के नाम पर चल रहा स्कैम - फोटो : AI जनरेटेड

    विस्तार

    देश में साइबर फ्रॉड के हर दिन नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। अब एक नया स्कैम सामने आया है, जो खास तौर पर Vivo और iQOO स्मार्टफोन यूजर्स निशाने पर हैं। केरल पुलिस ने इस खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है और यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस स्कैम में वीवो और आईकू के फोन्स में मिलने वाले OriginOS के अपडेट नाम पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

    कैसे काम करता है यह स्कैम?

    यह साइबर फ्रॉड आमतौर पर फोन इस्तेमाल करते समय अचानक आने वाले पॉप-अप मैसेज से शुरू होता है। स्क्रीन पर एक 'अर्जेंट सिस्टम अपडेट' का अलर्ट दिखाई देता है, जिससे यूजर को लगता है कि यह एक जरूरी सिस्टम अपडेट है। जैसे ही यूजर इस लिंक पर क्लिक करता है, असली अपडेट की जगह एक खतरनाक फाइल डाउनलोड हो जाती है। यह फाइल दरअसल मैलवेयर होती है, जो फोन में इंस्टॉल होते ही साइबर ठगों को डिवाइस का कंट्रोल दे देती है।

    विज्ञापन

    फोन का पूरा डेटा हो सकता है चोरी

    एक बार यह मैलवेयर इंस्टॉल हो जाए, तो ठग आपके फोन के कई अहम फीचर्स तक पहुंच बना सकते हैं। इसमें कैमरा, माइक्रोफोन, एसएमएस, कॉन्टैक्ट्स और अन्य पर्सनल डेटा शामिल है। इतना ही नहीं, यह स्कैम यूजर्स की बैंकिंग डिटेल्स भी चुरा सकता है, जिससे उनके बैंक अकाउंट को खाली करने का खतरा बढ़ जाता है। यही वजह है कि इसे बेहद खतरनाक साइबर अटैक माना जा रहा है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    यूजर्स को कैसे रहना चाहिए सुरक्षित?

    केरल पुलिस ने इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए कुछ अहम सावधानियां बताई हैं। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे किसी भी सिस्टम अपडेट को सिर्फ अपने फोन की सेटिंग्स में मौजूद 'सिस्टम अपडेट' ऑप्शन के जरिए ही इंस्टॉल करें।

    इसके अलावा, ब्राउजर या मैसेज के जरिए मिलने वाले किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें। खासकर ऐसे मैसेज से दूर रहे, जिनमें डराने की कोशिश की जाती है कि अपडेट नहीं करने पर फोन ब्लॉक हो जाएगा।

    सतर्कता ही सुरक्षा है

    यह स्कैम एक बार फिर दिखाता है कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि यूजर्स हर तरह के संदिग्ध मैसेज और लिंक से सावधान रहें। थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें