एलन मस्क ने ट्वीट किया 'I love Etsy', कंपनी के शेयर 9% तक चढ़े

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क आजतक काफी चर्चा में हैं। कभी दुनिया के सबसे अमीर शख्स के रूप में तो कभी किसी अन्य कंपनी के लिए मसीहा के रूप में है। एलन मस्क के एक ट्वीट के बाद छोटी-छोटी कंपनियों के शेयर अचानक से ऊपर चले जा रहे हैं। एलन मस्क ने मंगलवार को ट्वीट किया 'I kinda love Etsy'। मस्क के इस ट्वीट के बाद Etsy के शेयर में 9 फीसदी तक का इजाफा देखा गया है।
एलन मस्क ने एक के बाद एक करके दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में उन्होंने कहा, 'I kinda love Etsy'। दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि उन्होंने Etsy से अपने कुत्ते के लिए हाथ से बुना हुआ एक ऊन का मार्विन द मार्टियन हेल्म खरीदा।
मस्क के इस ट्वीट के बाद Etsy की लॉटरी लग गई है और बाजार के खुलते ही कंपनी के शेयर्स 9 फीसदी तक ऊपर चले गए। पिछले 12 महीने में यह इजाफा सबसे ज्यादा था। बता दें कि Etsy एक ई-कॉमर्स वेबसाइट है जिस पर हैंडमेड प्रोडक्ट मिलते हैं।
Signal एप के लिए भी मस्क ने किया था ट्वीट
एलन मस्क ने इससे पहले सोशल मैसेजिंग एप सिग्नल को लेकर ट्वीट किया था। मस्क ने सिग्नल को लेकर ट्वीट उस वक्त किया था जब व्हाट्सएप की नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर विवाद हुआ था। एलन मस्क ने ट्वीट करके कहा था कि Use Signal । मस्क के इस ट्वीट के बाद सिग्नल की डाउनलोडिंग में तो इजाफा हुआ था लेकिन शेयर्स के मामले में फायदा एक मेडिकल कंपनी को हो गया।
दरअसल एलन मस्क ने मैसेजिंग एप सिग्नल को लेकर ट्वीट किया था लेकिन जिसके शेयर्स 116 गुना हो गए उस कंपनी का नाम सिग्नल एडवांस इंक था जो कि अमेरिका के टेक्सस राज्य की एक छोटी सी मेडिकल डिवाइस कंपनी है।