Covid-19 vaccine: क्या स्लॉट कैंसिल करने का है कोई तरीका, तय तारीख पर वैक्सीन नहीं लेने पर क्या होगा
हर रोज शाम को 5 बजे पोर्टल को अपडेट किया जाता है जिसके बाद लोगों को री-शेड्यूल का विकल्प मिलता और खाली बुकिंग स्लॉट की जानकारी अपडेट होगी।

विस्तार
Cowin पोर्टल की शुरुआत वैक्सीन लेने वालों की सहूलियत के लिए हुई थी लेकिन यही कोविन पोर्टल अब लोगों के लिए वैक्सीन की राह में रोड़ा बन रहा है। जब से 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू हुआ है तब से हर दिन हजारों लोग Cowin पोर्टल पर वैक्सीन के लिए स्लॉट बुक करने के लिए जाते हैं और खाली हाथ लौट आते हैं। अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि कोविन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग का परफेक्ट समय क्या है, ऐसे में जाहिर सी बात है कि लोग 24 घंटे स्लॉट बुकिंग के लिए कोशिश करेंगे। कोविन पोर्टल पर स्लॉट को कैंसिल करने का भी विकल्प नहीं है। कोविन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग को लेकर कुछ सवालों के साथ हमने बिहार की कोविड 19 हेल्पलाइन नंबर 104 पर बात की। आइए कोविन पोर्टल से जुड़े कुछ सवालों के जवाब जानते हैं।
रिपोर्टर- यदि किसी ने स्लॉट बुक कर लिया है लेकिन किसी कारणवश उसे स्लॉट कैंसिल कराना है तो कैसे होगा?
- 104 हेल्पलाइन-जैसा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले ही कह दिया है कि जो लोग संक्रमित हैं, उन्हें ठीक होने के बाद ही वैक्सीन दी जाएगी। ऐसे में यदि कोई ऐसा है जिसने वैक्सीन के लिए स्लॉट बुक कर लिया है और इसी बीच उसे किसी जगह की यात्रा करनी पड़ जाए या फिर संक्रमित होने की स्थिति में स्लॉट कैंसिल करना पड़े तो इसकी कोई सुविधा नहीं है। जिस दिन का स्लॉट बुक है, उस दिन शाम को पांच बजे के बाद ऑटोमेटिक स्लॉट कैंसिल हो जाएगा और फिर से बुक करने का विकल्प मिलेगा। मैनुअल तौर पर स्लॉट कैंसिल नहीं किया जा सकता है।
रिपोर्टर- वैक्सीन स्लॉट बुकिंग का कोई सही समय तय है?
- 104 हेल्पलाइन-वैसे तो आधिकारिक तौर पर कोई समय तय नहीं है लेकिन हर रोज शाम को 5 बजे पोर्टल को अपडेट किया जाता है जिसके बाद लोगों को री-शेड्यूल का विकल्प मिलता और खाली बुकिंग स्लॉट की जानकारी अपडेट होती है। यदि आप शाम के 5 बजे के बाद वैक्सीन के लिए स्लॉट बुक करते हैं तो आपको स्लॉट मिलने की संभावना अधिक रहेगी।
रिपोर्टर- क्या एक साथ दो जगह के स्लॉट बुक हो सकते हैं?
- 104 हेल्पलाइन-नहीं, एक ही तारीख पर दो अलग-अलग जगहों के स्लॉट बुक नहीं किए जा सकते हैं। इसके अलावा यदि आपने पहले से किसी तारीख पर स्लॉट बुक किया है तो उस तारीख के बीत जाने के बाद ही नई तारीख पर स्लॉट की बुकिंग होगी।
रिपोर्टर- क्या एक ही मोबाइल नंबर से पूरे परिवार के लिए स्लॉट मिल सकता है?
- 104 हेल्पलाइन-एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार लोगों के लिए स्लॉट की बुकिंग की जा सकती है, हालांकि सभी लोगों का पहचान पत्र अलग-अलग देना होगा। मोबाइल नंबर एक ही होगा लेकिन पहचान पत्र अलग-अलग होंगे।
रिपोर्टर- यदि कोई बुकिंग की तारीख पर वैक्सीन लगवाने नहीं पहुंच पाया तो क्या फिर से बुकिंग कर सकता है?
- 104 हेल्पलाइन-यदि किसी वजह से आप स्लॉट बुकिंग की तारीख पर वैक्सीन लेने नहीं पहुंच पाते हैं तो आप किसी और तारीख के लिए स्लॉट फिर से बुक कर सकते हैं, लेकिन नए स्लॉट बुकिंग का काम पहले स्लॉट के दिन को शाम 5 बजे के बाद ही होगा।