Robot: 106 किमी पैदल चलकर चीनी ह्यूमनॉइड रोबोट ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, बोला- अब तो ‘नए जूते’ चाहिए
Chinese Robot Sets World Record:
चीन के एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 किलोमीटर से ज्यादा की पैदल यात्रा पूरी कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला। यह रोबोट तीन दिनों तक बिना रुके चला और न सिर्फ लंबी दूरी तय की, बल्कि मजाकिया अंदाज में अपना अनुभव भी साझा किया।

विस्तार
चीन में तैयार किए गए एक एडवांस ह्यूमनॉइड रोबोट ने इतिहास रच दिया है। इस रोबोट ने तीन दिनों में 100 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी पैदल तय कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। यह अब तक किसी ह्यूमनॉइड मशीन द्वारा की गई सबसे लंबी पैदल यात्रा है।
106 किलोमीटर की रेकोर्डतोड़ वॉक
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, Agibot A2 नाम का यह रोबोट 10 से 13 नवंबर के बीच शंघाई में कुल 106.286 किमी चला। कंपनी के मुताबिक, रोबोट को गिरने से बचाने और लगातार काम करने के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है। अगस्त में इस रोबोट ने 40°C गर्मी में 24 घंटे की नॉन-स्टॉप वॉक भी पूरी की थी, जिसे लाइव स्ट्रीम किया गया था। 100 किमी से ज्यादा की यह यात्रा ह्यूमनॉइ़ड रोबोट के क्षेत्र में एक बड़ी तकनीकी छलांग मानी जा रही है।
सुजोउ से शंघाई तीन दिनों तक चला पैदल
रोबोट ने 10 नवंबर की शाम सुझोउ शहर से अपनी यात्रा शुरू की। तीन दिनों तक यह हाईवे, शहर की सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरता हुआ 13 नवंबर को शंघाई के प्रसिद्ध बंड क्षेत्र में पहुंचा।

कैसा है Agibot A2 रोबोट?
इस रोबोट की ऊंचाई 5.74 फीट और वजन लगभग 55 किलोग्राम है। यह एक इंट्रैक्टिव सर्विस रोबोट है जो बिल्कुल इंसानों के जैसे आपके सवालों को सुनकर उनके जवाब देता है। Agibot A2 रोबोट को व्यावसायिक कामों के लिए बनाया गया है। यह रोबोट टेक्स्ट, ऑडियो और विजुअल प्रोसेसिंग भी कर सकता है। कंपनी ने इसे एआई से भी लैस किया है। इसमें AI-सेंसिंग के साथ डुअल GPS मॉड्यूल, इन-बिल्ट LiDAR और इंफ्रारेड डेप्थ कैमरे भी लगे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इस यात्रा में इस्तेमाल किया गया A2 एक स्टैंडर्ड, मास-प्रोड्यूस्ड मॉडल था, यानी कंपनी ने कोई विशेष बदलाव नहीं किए थे। यह वही यूनिट थी जो ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाती है।
यह भी पढ़ें: सैलून बंद करवा देगी ये मशीन? 2 सकेंड में लोग बनवा रहे बाल! जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई
रोबोट ने साझा किया अपना अनुभव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रा पूरी होने के बाद रोबोट ने पत्रकारों से बातचीत भी की और इसे अपनी मशीन लाइफ का यादगार अनुभव बताया। मजाक में उसने यह भी कहा कि अब उसे नए जूतों की जरूरत पड़ सकती है।
सिर्फ चलना ही नहीं, और भी बहुत कुछ कर सकता है A2
कंपनी का कहना है कि A2 सिर्फ वॉकिंग तक सीमित नहीं है। यह कई भाषाओं में बात करने में भी सक्षम है। इसके अलावा यह फेसियल रिकग्निशन के जरिए चहरों को याद रख सकता है और जीपीएस के जरिए खुद ब खुद अपना रास्ता तय कर सकता है। कंपनी ने कहा, “सुजोउ से शंघाई तक एक बार में पैदल चलना कई लोगों के लिए मुश्किल है, लेकिन इस रोबोट ने इसे पूरा कर दिखाया।”
ये नतीजे हार्डवेयर की मजबूती, बैलेंस कंट्रोल और लंबी अवधि की परफॉर्मेंस में बड़ी प्रगति दिखाते हैं, जो भविष्य में इसके व्यावसायिक उपयोग के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं।