चीन के कबाड़ से लाखों का कारोबार: टूटे आईफोन क्यों खरीद रहे पाकिस्तान और अफ्रीकी देशों के कारोबारी? जानें वजह
सार
- चीन के शेनझेन में पाकिस्तान, नाइजीरिया और अल्जीरिया जैसे देशों के कारोबारी बड़ी संख्या में इस्तेमाल किए गए पुराने फोन खरीद रहे हैं।
- हाल ही में नए स्मार्टफोन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से सेकेंड हैंड फोन का बाजार तेजी से बढ़ा है।
- 2026 की पहली छमाही में दुनिया का सेकेंड हैंड स्मार्टफोन बाजार सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 15 करोड़ यूनिट तक पहुंच गया।
- सस्ते में खरीदे गए पुराने फोन रिपेयर कर विदेशी कारोबारी घरेलू बाजार में मोटी कमाई कर रहे हैं।

विस्तार
दुनियाभर में स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ रही हैं और नया फोन खरीदना अब काफी महंगा हो गया है। ऐसे में पुराने और इस्तेमाल किए जा चुके स्मार्टफोन का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। चीन का शेनझेन शहर इस कारोबार का बड़ा केंद्र बन गया है, जहां पाकिस्तान, नाइजीरिया और अल्जीरिया जैसे देशों के कारोबारी एक साथ हजारों पुराने फोन खरीद रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इनमें टूटे स्क्रीन वाले आईफोन भी शामिल हैं, जिन्हें मरम्मत के बाद दूसरे देशों में काफी कम कीमत में बेच दिया जाता है।
व्यापारी टूटे फोन खरीदकर कैसे कमा रहे मुनाफा?
- चीन के शेनझेन शहर में स्थित हुआछियांगबेई इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में इन दिनों दुनियाभर के खरीदार पहुंच रहे हैं। यहां पुराने स्मार्टफोन की खरीद-बिक्री बड़े पैमाने पर होती है। पाकिस्तान के 38 वर्षीय कारोबारी अख्तर मोहम्मद भी यहां से टूटे और इस्तेमाल किए गए फोन खरीदते हैं। उन्होंने एएफपी से कहा कि चीन के अलग-अलग हिस्सों से खराब मोबाइल यहां पहुंचते हैं, जिन्हें पाकिस्तान ले जाकर ठीक कराया जाता है।
- चीन दुनिया का सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्माता है। चाइना एसोसिएशन ऑफ सर्कुलर इकोनॉमी के अनुमान के मुताबिक, देश में हर साल 40 करोड़ से ज्यादा पुराने स्मार्टफोन जमा हो रहे हैं। इनमें से कई फोन दोबारा इस्तेमाल या मरम्मत के लिए पुराने फोन के बाजार तक पहुंचते हैं।
- नए स्मार्टफोन की बढ़ती कीमतें और चिप की कमी भी सेकेंड हैंड फोन की मांग बढ़ने की बड़ी वजह हैं। काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में दुनिया का सेकेंड हैंड स्मार्टफोन बाजार सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 15 करोड़ यूनिट तक पहुंच गया।
चीन में पुराना आईफोन क्यों खरीद रहे विदेशी कारोबारी?
- नाइजीरिया के 24 वर्षीय कारोबारी मामा ने बताया कि उन्होंने शेनझेन में एक ही दिन में करीब 40 पुराने स्मार्टफोन खरीदे। उनका कहना है कि अफ्रीका में चीन की तुलना में पुराने फोन महंगे मिलते हैं। वहां बड़े सप्लायर और इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट की कमी है। ऐसे में चीन से फोन खरीदकर अपने देश में बेचना उनके लिए मुनाफे का सौदा है।
- एक अन्य नाइजीरियाई खरीदार ने एएफपी को बताया कि उसने आईफोन 13 प्रो और आईफोन 14 प्रो जैसे मॉडल खरीदे। इन फोन की स्क्रीन टूटी हुई थी। उसने हर फोन के लिए 1,000 से 2,000 युआन (करीब 12,000 से 24,000 रुपये) खर्च किए। अब इनकी स्क्रीन की मरम्मत कराकर अपने देश में बेचने की तैयारी है।
पुराने फोन की मरम्मत का क्यों बढ़ा चलन?
- पुराने स्मार्टफोन की मांग बढ़ने के पीछे लोगों की खरीदने की क्षमता भी एक बड़ी वजह है। खासकर दक्षिण एशिया और अफ्रीका के देशों में लोग नया फोन खरीदने के बजाय पुराने फोन की मरम्मत कराना पसंद करते हैं।
- पाकिस्तानी कारोबारी अख्तर मोहम्मद के मुताबिक, उनके देश में लोग एक फोन को चार से पांच साल तक इस्तेमाल करते हैं। इसके उलट अमेरिका और यूरोप के कई बाजारों में लोग हर साल या छह महीने में फोन बदल लेते हैं। यही वजह है कि पुराने फोन के कारोबार में विकासशील देशों की हिस्सेदारी बढ़ रही है।
एक मार्केट में 20,000 से ज्यादा पुराने फोन
- शेनझेन में पुराने फोन की खरीद-बिक्री अब केवल छोटी दुकानों तक सीमित नहीं है। यहां पाईजितांग मॉल नाम का एक बड़ा सेकेंड हैंड मार्केट भी है, जिसे चीनी रिसाइक्लिंग कंपनी एटी रिन्यू चलाती है। इस मार्केट में 20 हजार से ज्यादा पुराने स्मार्टफोन डिस्प्ले पर रखे गए हैं।
- खरीदार फोन पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करके उसकी जांच रिपोर्ट और कीमत देख सकते हैं। इसके बाद फोन को खुद चेक करके खरीद सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां रोजाना करीब 1,000 लोग आते हैं। इनमें लगभग एक तिहाई विदेशी कारोबारी होते हैं।
- अल्जीरिया के 20 वर्षीय दुकानदार अब्दुल रहीम भी महीने में दो से तीन बार चीन आते हैं। वह यहां से फोन खरीदकर अपने देश में बेचते हैं। उनके मुताबिक, एक फोन पर करीब 100 से 120 यूरो (लगभग 10,000 से 12,000 रुपये) तक का कीमत अंतर मिल सकता है।
पुराने आईफोन की विदेशों में क्यों बढ़ी मांग?
- इस बाजार में एपल के फोन सबसे ज्यादा बिकते हैं। कुल बिक्री में 70 से 80 फीसदी हिस्सेदारी आईफोन की है। बाकी में हुआवेई, शाओमी, ओप्पो और वीवो जैसे चीनी ब्रांड शामिल हैं।
- खास बात यह है कि चीन में आईफोन 11, 12 और 13 जैसे पुराने मॉडल की मांग कम हो रही है, लेकिन दूसरे देशों में इनकी लोकप्रियता बनी हुई है। इसकी वजह ब्रांड पर भरोसा और नए आईफोन की तुलना में कम कीमत है।
- शेनझेन के पास डोंगगुआन में एटी रिन्यू का बड़ा प्रोसेसिंग सेंटर भी है। यहां रोजाना करीब 30 हजार पुराने गैजेट पहुंचते हैं। 300 से ज्यादा कर्मचारी इनकी जांच और पैकिंग का काम करते हैं।
- हालांकि, चीन में इस्तेमाल से बाहर होने वाले ज्यादातर फोन अभी भी घरेलू बाजार में ही बिकते हैं। आधिकारिक चैनलों के जरिए इनका बड़े पैमाने पर निर्यात तेजी से नहीं बढ़ा है। इसके बावजूद पुराने स्मार्टफोन का कारोबार अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर पैदा कर रहा है।
और पढ़ें...
- मोबाइल खो गया तो न घबराएं: बिना नंबर बदले ऐसे पाएं डुप्लीकेट सिम कार्ड, बैंक और यूपीआई भी रहेंगे पूरी तरह सेफ
- जेमिनी टास्क: गूगल भारतीय यूजर्स को मुफ्त दे रहा है ये दमदार एआई टूल, बैकग्राउंड में निपटाएगा आपके जरूरी काम
- टेक टिप्स: क्या फ्लाइट मोड में वाकई तेज चार्ज होता है फोन? आप भी करते हैं ऐसा तो जानें फायदे और नुकसान
- पोर्टेबल vs पार्टी स्पीकर: घर, ट्रैवल या पार्टी के लिए कौन सा रहेगा बेहतर? जानें दोनों के फायदे और नुकसान