चीन साल के अंत तक लॉन्च कर सकता है क्रिप्टो करेंसी, फेसबुक के लिब्रा से होगा मुकाबला

पूरी दुनिया में जहां वर्चुअल करेंसी के साथ सिक्योरिटी और परंपरागत करेंसी को लेकर एक बहस छिड़ी हुई है, वहीं खबर है कि चीन इस साल के अंत तक अपनी क्रिप्टो करेंसी लॉन्च कर सकता है। कहा जा रहा है कि चीन की क्रिप्टो करेंसी का मुकाबला दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक की क्रिप्टो करेंसी लिब्रा के साथ होगा।
बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स की एक रिपोर्ट की मानें तो पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (पीबीओसी) इस डिजिटल करेंसी पर तेजी से काम कर रहा है। रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि चीन की वर्चुअल करेंसी फेसबुक की लिब्रा से पहले पेश की जाए। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि चीन में इसका ट्रायल भी शुरू हो गया है। हालांकि नाम का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
फोर्ब्स के मुताबिक शुरुआत में चीन के चार बड़े सरकारी बैंकों को सबसे पहले इस क्रिप्टो करेंसी के इस्तेमाल की इजाजत मिलेगी। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि आगे चलकर अलीबाबा, टेनसेंट (पबजी वाली कंपनी), यूनियन-पे और एक अनजान कंपनी को भी इसमें शामिल किया जाएगा। बताया जा रहा है कि क्रिप्टो करेंसी पर चीन 2014 से ही काम कर रहा है।