ChatGPT: चैटजीपीटी की वो फीचर बंद, जिससे Google पर दिख रहे थे निजी चैट, OpenAI ने उठाया बड़ा कदम
ChatGPT यूज कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। OpenAI ने एक ऐसा फीचर हटा दिया है, जिससे यूजर्स की निजी बातचीत Google सर्च में दिख रही थी। यह फीचर हाल ही में काफी विवादों में रहा था।

विस्तार
OpenAI ने ChatGPT का एक ऐसा फीचर बंद कर दिया है जिससे यूजर्स की व्यक्तिगत बातचीत गूगल सर्च में दिख रही थी। इस फीचर की वजह से हजारों चैट पब्लिक डोमेन में आ गई थीं, जिनमें कुछ में यूजर्स की पहचान से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भी मौजूद थी।
लीक हो रहे थी व्यक्तिगत बातें
OpenAI के चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) डेन स्टकी ने X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। चैटजीपीटी का यह ऐसा फीचर था जो यूजर्स को अपनी बातचीत सर्च इंजन (जैसे Google) पर शेयर करने की सुविधा देता था। कंपनी इस फीचर को एक एक्सपेरिमेंट के तौर पर चला रही थी।
यह फीचर पूरी तरह ऑप्ट-इन था, यानी यूजर की मर्जी से ही चैट पब्लिक होती थी। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई लोग अनजाने में इस विकल्प को एक्टिवेट कर बैठे, खासतौर पर जब वे चैट्स अपने दोस्तों या परिवार वालों से शेयर कर रहे थे।

क्या था विवाद?
OpenAI ने कुछ समय पहले ChatGPT में एक विकल्प जोड़ा था जिससे यूजर अपनी बातचीत को सर्च इंजन पर पब्लिक कर सकते थे। हालांकि यह डिफॉल्ट रूप से चालू नहीं था, लेकिन बहुत से यूजर्स ने गलती से इसे ऑन कर दिया।
फास्ट कंपनी की रिपोर्ट के अनुसार, Google पर 4,500 से ज्यादा चैट्स इंडेक्स हो गई थीं। इनमें से कई में व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, स्थान और अन्य पहचान से जुड़ी बातें शामिल थीं। इससे यूजर्स की प्राइवेसी को खतरा हो गया था।
लोग शेयर करते हैं पर्सनल बातें
OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने भी एक पॉडकास्ट में कहा था कि लोग अपनी जिंदगी की सबसे निजी बातें ChatGPT से शेयर करते हैं। सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर कोई यूजर बाद में चैट डिलीट भी कर दे, तो भी वह कंटेंट गूगल के सर्च रिजल्ट में तब तक बना रह सकता है जब तक गूगल अपनी इंडेक्सिंग अपडेट न करे।
OpenAI अब सर्च इंजन कंपनियों के साथ मिलकर पहले से इंडेक्स हुए चैट्स को हटाने का प्रयास कर रहा है।