ChatGPT का Malwarebytes फीचर: अब चैट बॉक्स में ही कर सकेंगे लिंक्स की सेफ्टी जांच; जानें एक्टिव करने का तरीका
ChatGPT Malwarebytes Integration:
डिजिटल धोखाधड़ी और स्कैम के बढ़ते मामलों के बीच एआई चैटबॉट अब एक डिजिटल बॉडीगार्ड की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। क्या आप जानते हैं कि चैटजीपीटी सिर्फ आपके सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहा, अब ये आपके स्मार्टफोन या लैपटॉम के खतरनाक वायरस से भी लड़ने में सक्षम है। जानें कैसे?

विस्तार
अक्सर हमें व्हाट्सएप या ईमेल पर ऐसे लिंक मिल जाते हैं जो आकर्षक ऑफर का लालच देते हैं, लेकिन उन पर क्लिक करते ही फोन हैक हो जाता है और बैंक अकाउंट से सारे पैसे साफ हो जाते हैं, लेकिन अब और नहीं, क्योंकि चैटजीपीटी के अंदर अब एक भरोसेमंद सुरक्षा सॉफ्टवेयर मालवेयर बाइट्स का एक्सेस मिलता है। खास बात है कि इसके लिए आपको अलग से कोई एप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, आप सीधे चैट बॉक्स में ही लिंक या नंबर पेस्ट करके उसकी सुरक्षा जांच कर सकते हैं। ये फीचर संदिग्ध ईमेल्स, डीएम और फोन नंबर्स में छिपे हुए स्पैम और मालवेयर को पहचान सकता है।
चैटजीपीटी में मालवेयर बाइट्स को कैसे जोड़ें?
इस फीचर को शुरू करने के लिए नीचे बताए गए आसान से स्टेप्स को फॉलो करें:
सबसे पहले अपने चैटजीपीटी अकाउंट में लॉगिन करें।साइडबार या सेटिंग्स में जाकर एक्सप्लोर चैटजीपीटी या एप्स सेक्शन पर जाएं।सर्च बार में मालवेयर बाइट्स टाइप करें।इसे चुनकर कनेक्ट या एड बटन पर क्लिक करें। अब यह आपके चैट इंटरफेस का हिस्सा बन जाएगा।
ये भी पढ़े: DDoS Attack: अचानक ठप क्यों पड़ जाते हैं सोशल मीडिया के एप्स? जानें उन बड़े कारणों को जो रोक देते हैं स्क्रॉलिंग
स्कैन रन कैसे करें?
एक बार इंटीग्रेट होने के बाद, आपको चैट में @malwarebytes is this link safe? लिखना होगा। इसके बाद लिंक शेयर कर दें। यहां Malwarebytes, check this email for scam और संदिग्ध टेक्स्ट डाल दें। फिर टेक्स्ट बॉक्स के पास बने प्लस (+) बटन पर क्लिक करें, ड्रॉप-डाउन से मालवेयर बाइट चुनें और अपना डाटा सबमिट करें।
क्यों जरूरी है ये फीचर?
इंटरनेट की दुनिया में फिशिंग यानी की नकली वेबसाइट के जरिए डाटा चुराने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मालवेयर बाइट्स का डाटाबेस पिछले 2 दशकों के वायरस और स्कैम्स का रिकॉर्ड रखता है। जब आप चैटजीपीटी के माध्यम से इसे एक्सेस करते हैं, तो एआई की बुद्धिमत्ता और सुरक्षा सॉफ्टवेयर का अनुभव मिलकर आपको एक अभेद्य सुरक्षा चक्र प्रदान करते हैं। टेक एक्सपर्ट्स कहते हैं कि ये टूल शक्तिशाली जरूर है, लेकिन याद रखें कि यह एक एडवाइजरी टूल है। अगर चैटजीपीटी किसी लिंक को संदिग्ध बताता है, तो उसे तुरंत डिलीट कर दें। किसी भी एआई टूल को अपना बैंक पासवर्ड या ओटीपी जांचने के लिए न दें।