BSNL ने अपडेट किया यह लोकप्रिय प्लान, अब मिलेगा 375GB डाटा

भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने एक बार फिर से अपने लोकप्रिय प्री-पेड प्लान को अपडेट किया है। BSNL के इस प्लान की कीमत 1,098 रुपये है जो कि एक लंबी अवधि का प्री-पेड प्लान है। बता दें कि BSNL का यह प्लान 2016 में जियो की लॉन्चिंग के समय ही पेश हुआ था और यह बीएसएनएल का पहला प्री-पेड प्लान था जिसमें 84 दिनों की वैधता मिलती है। दरअसल BSNL का यह प्लान जियो के 84 दिनों के प्लान की टक्कर में ही पेश किया गया था।
बीएसएनएल के इस प्लान की खासियतों की बात करें तो इसमें पूरी तरह से अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है। ऐसे में प्रतिदिन आउटगोइंग कॉलिंग की कोई सीमा नहीं है, हालांकि कंपनी ने इस प्लान की वैधता जरूर कम कर दी है। पहले इस प्लान में 84 दिनों के लिए अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ फ्री मैसेजिंग मिलती थी लेकिन अब इसकी वैधता 75 दिनों की कर दी गई है। BSNL के इस प्लान में अब कुल 375 जीबी डाटा मिलेगा। ऐसे में यह आपके ऊपर निर्भर करता है कि आप इस डाटा को 75 दिनों तक इस्तेमाल करते हैं या फिर एक ही दिन में खत्म कर देते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही BSNL ने अनलिमिटेड कॉलिंग खत्म कर दी है। BSNLके इस फैसले के बाद कंपनी के ग्राहक अब एक दिम में सिर्फ 250 मिनट ही कॉलिंग कर पाएंगे, इसके बाद कॉलिंग करने पर शुल्क लगेगा। ऐसे में निजी कंपनियों की तरह ही BSNL ने भी 'पूरी तरह से अनलिमिटेड कॉलिंग' पर रोक लगा दी है, हालांकि यह नियम कुछ चुनिंदा प्लान्स पर ही लागू होगा।
BSNL ने जिन प्लान के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग खत्म की है उनमें 186 रुपये, 429 रुपये, 485 रुपये, 666 रुपये और 1,699 रुपये के प्री-पेड प्लान शामिल हैं। नए नियम के मुताबिक इन प्लान के ग्राहक एक दिन में 250 मिनट से अधिक कॉलिंग नहीं कर पाएंगे। इस कॉलिंग में लोकल, एसटीडी और रोमिंग की कॉलिंग शामिल है। 250 मिनट खत्म होने के बाद ग्राहकों से 1 पैसे प्रति सेकेंड की दर से चार्ज किया जाएगा।