BSNL ने अपडेट किए तीन प्री-पेड प्लान, 53 रुपये में 8GB डाटा

भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने तीन प्री-पेड प्लान अपडेट किए हैं। तीनों प्लान में अब 25 गुना ज्यादा डाटा मिल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक BSNL ने 35 रुपये, 53 रुपये और 395 रुपये के प्लान अपडेट किए हैं। अपडेट के बाद 53 रुपये वाले प्लान में 8 जीबी डाटा मिल रहा है।
35 रुपये वाला प्लान
इस प्लान में अब 5 जीबी डाटा मिलेगा और इसकी वैधता 5 दिनों की होगी, जबकि इस प्लान में पहले सिर्फ 200 एमबी डाटा मिलता था। वहीं 53 रुपये वाले प्लान में अब 8 जीबी डाटा मिल रहा है, जबकि इसमें पहले सिर्फ 250 एमबी डाटा मिलता था। 53 रुपये वाले प्लान की वैधता 14 दिनों की है, पहले इसकी वैधता 21 दिनों की थी।
अब आखिरी 395 रुपये वाले प्लान की बात करें तो इसमें हर रोज 2 जीबी डाटा 71 दिनों तक मिलेगा। इस प्लान में आपको अनलिमिटेड कॉलिंग मिलेगी जो कि रोमिंग में भी फ्री होगी, हालांकि इस प्लान के तहत दिल्ली और मुंबई सर्किल में फ्री कॉलिंग नहीं हो पाएगी। बता दें कि पहले इस प्लान में BSNL के नेटवर्क पर कॉलिंग की सीमा 3,000 मिनट और दूसरे नेटवर्क पर 1,800 मिनट थी।
BSNL के इस प्लान का मुकाबला जियो के 399 रुपये वाले प्लान से होगी जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ रोज 1.5 जीबी डाटा मिलता है। जियो के इस प्लान की वैधता 84 दिनों की है। बीएसएनएल के प्लान के बारे में सबसे पहले टेलीकॉमटॉक ने जानकारी दी है।