BSNL ने लांच किया सिर्फ 18 रुपये का प्लान, मिलेगा अनलिमिटेड डाटा

भारत संचार निगम लिमिटेड ने प्रीपेड उपभोक्ताओं के लिए एसटीवी 18 पेश किया है। 18 रुपये के एसटीवी की वैधता दो दिनों की है। अपने 18 साल पूरे होने के मौके पर सृजन दिवस मनाते हुए सोमवार को बीएसएनएल ने यह ऑफर पेश किया। इसके अलावा कंपनी ने 1,801 रुपये, 1,201 रुपये और 601 रुपये के प्लान भी जारी किए हैं। इनमें ग्राहकों को 18 फीसदी ज्यादा टॉकटॉइम और डाटा लाभ मिलेगा।
सबसे पहले BSNL के 18 रुपये वाले प्लान की बात करें तो इस प्लान में दो दिनों की वैधता के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और वीडियो कॉलिंग मिलेगी। बीएसएनएल के इस प्लान की टक्कर जियो के 19 रुपये वाले प्लान से होगी जिसमें 1 दिन की वैधता के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और 0.15 जीबी डाटा मिलेगा।
ये भी पढ़ेंः BSNL ने अपने ग्राहकों को फ्री में दिया अमेजॉन प्राइम का सब्सक्रिप्शन, ऐसे उठाएं फायदा
बीएसएनएल के 1,801 रुपये वाले प्लान में 2,125 रुपये का टॉकटाइम और 10 जीबी डाटा मिलेगा। वहीं 1,201 रुपये वाले प्लान में 1,417 रुपये का टॉकटाइम और 10 जीबी डाटा मिलेगा। 601 रुपये वाले प्लान में 709 रुपये का टॉकटाइम और 5 जीबी डाटा मिलेगा। ये सभी प्लान 1 अक्टूबर से उपलब्ध हो गए हैं और 18 अक्टूबर तक रहेंगे।
बता दें कि भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने निजी टेलीकॉम कंपनियों के नक्शेकदम पर चलते हुए अपने ग्राहकों को 1 साल के लिए अमेजॉन प्राइम का फ्री सब्सक्रिप्शन भी देने का ऐलान किया है। बीएसएनएल ने अपने एक बयान में कहा है कि यह ऑफर कुछ चुनिंदा पोस्टपेड और ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए है।
बीएसएनएल के इस ऑफर के तहत 399 रुपये और 745 रुपये के ब्रॉडबैंड प्लान के ग्राहकों को एक साल के लिए फ्री में अमेजॉन प्राइम का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। अमेजॉन प्राइम मेंबरशिप के तहत ग्राहकों को फिल्म, टीवी शोज, अमेजॉन प्राइम सर्विस और ई-बुक पढ़ने का मौका मिलेगा। बता दें कि अमेजॉन के 1 साल के लिए प्राइम मेंबरशिप की फीस 999 रुपये है।