किसी भी कंपनी की सेवा से संतुष्ट नहीं हैं ग्राहक, हर रोज 14,208 करा रहे MNP

टेलीकॉम कंपनियां हर रोज अपनी सेवाओं को लेकर तमाम बड़े-बड़े दावे करती हैं, लेकिन हकीकत पर बात करना नहीं चाहती हैं। हकीकत यह है कि किसी भी टेलीकॉम कंपनी की सेवा से ग्राहक संतुष्ट नहीं हैं। यह दावा हम नहीं बल्कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) की हालिया रिपोर्ट कह रही है। ट्राई की नई रिपोर्ट के मुताबिक देश में कोई भी ऐसी टेलीकॉम नहीं है जिसकी सभी सेवाओं से ग्राहक संतुष्ट हों।
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक वॉयस क्वालिटी के मामले में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के ग्राहक सबसे ज्यादा संतुष्ट हैं। ट्राई के नए डाटा में कॉलिंग के मामले में BSNL को 3.4/5 की रेटिंग मिली है, जबकि इसी मामले में जियो और वोडाफोन को 3.3 की रेटिंग मिली है। BSNL रेटिंग के लिए कुल 2,014 सैंपल का इस्तेमाल किया गया है, जबकि जियो की सैंपल साइज 10,292 और वोडाफोन का सैंपल 3,408 रहा है। Airtel को 9,520 सैंपल के जरिए 3.0 और Idea को 977 के साथ 2.9 की रेटिंग मिली है।
मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी) रिपोर्ट के मुताबिक केवल में मध्य प्रदेश 1 जनवरी से 31 अगस्त 2020 तक हर दिन करीब 14,208 लोगों ने कंपनी की सेवाओं से परेशान होकर एमएनपी कराया है। अगस्त महीने में 7.9 लाख यानी हर दिन 26.333 ग्राहकों मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के लिए अप्लाई किया।
जियो के ग्राहक सबसे अधिक परेशान
माय कॉल एप पर सितंबर माह में 294 लोगों ने फीडबैक दिया। 17.1 फीसदी ने कॉल ड्रॉप होने की शिकायत की। 13.27 फीसदी या 39 लोगों ने कहा कि बातचीत के दौरान वाइस की गुणवत्ता बेहद खराब रही। यह फीडबैक देने वालों में 57.8 फीसदी ग्राहक रिलायंस जियो के थे, जबकि 20.4 फीसदी ग्राहक बीएसएनएल के, 13.6 फीसदी ग्राहक एयरटेल के और 8.1 फीसदी ग्राहक वोडाफोन-आइडिया के थे। बता दें कि ट्राई ने ग्राहकों से सीधे फीडबैक लेने के लिए मायकॉल एप बनाया है। ये सभी आंकड़े इसी एप के हैं।