R Madhavan: स्मार्टफोन की लत से बदल रहा है शरीर का संतुलन, बॉलीवुड एक्टर ने दी चेतावनी

मशहूर अभिनेता आर. माधवन ने हाल ही में एक हेल्थ अवेयरनेस सेमिनार के दौरान मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल से शरीर पर हो रहे नकारात्मक प्रभावों की ओर ध्यान खींचा। उन्होंने मंच से यह सवाल उठाया कि क्या हम अपनी डिजिटल आदतों के कारण धीरे-धीरे अपने शरीर को नुकसान पहुंचा रहे हैं?
माधवन ने एक दिलचस्प प्रयोग के माध्यम से दर्शकों को यह एहसास कराया कि लगातार फोन पकड़े रहने से हमारे हाथों और उंगलियों में हल्के बदलाव आने लगे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि वे पहले अपने उस हाथ की उंगलियों को अपनी पसलियों पर चलाएं, जिससे वे कम फोन चलाते हैं। फिर वही प्रक्रिया उस हाथ से करें, जिससे अक्सर फोन का इस्तेमाल करते हैं। माधवन ने दावा किया कि ज्यादातर लोगों को उस हाथ में हल्की सी गड्ढे जैसी आकृति महसूस होगी, जो फोन अधिक पकड़ता है।

मोबाइल फोन फिंगर्स' और बदलती शारीरिक बनावट
माधवन ने इस बदलाव को ‘मोबाइल फोन फिंगर्स’ नाम दिया है। उनका कहना है कि दिनभर फोन पकड़कर रखने से शरीर की स्वाभाविक बनावट प्रभावित हो रही है और यह बदलाव धीरे-धीरे स्थायी हो सकता है। उन्होंने कहा, “आपका शरीर फोन के मुताबिक ढल रहा है, लेकिन यह बदलाव आपके हित में नहीं है।”
यह भी पढ़ें: व्हाट्सएप पर जल्द आएगा नया फीचर, अब AI से ग्रुप प्रोफाइल फोटो बना सकेंगे यूजर्स
बढ़ रहे हैं 'टेक्स्ट क्लॉ' और 'सेल फोन एल्बो' जैसे लक्षण
ऑर्थोपेडिक इंस्टीट्यूट की एक रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय तक स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों में उंगलियों, कलाई और कोहनी में दर्द या असहजता की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। 'टेक्स्ट क्लॉ' शब्द उन लोगों के अनुभव से जुड़ा है, जिनकी उंगलियों और हथेलियों में बार-बार मोबाइल चलाने से जकड़न और दर्द होता है। वहीं, 'सेल फोन एल्बो' से पीड़ित लोगों को छोटी और अनामिका उंगलियों में झनझनाहट या सुन्नपन महसूस होता है, खासकर जब वे लंबे समय तक कोहनी मोड़कर फोन इस्तेमाल करते हैं।
बचाव के उपाय: थोड़े बदलाव, बड़ा असर
- स्क्रीन टाइम सीमित करें
- बैठने और पकड़ने की स्थिति बदलते रहें
- फोन कॉल के लिए ईयरफोन या हेडसेट का प्रयोग करें
- उंगलियों और कलाई की स्ट्रेचिंग करें
- जरूरत पड़ने पर गर्म या ठंडी सिकाई करें
- हाथों को आराम दें और फोन होल्डर का उपयोग करें
वर्क फ्रंट की बात करें तो आर. माधवन आखिरी बार अक्षय कुमार की पीरियड ड्रामा फिल्म 'केसरी चैप्टर 2' में नजर आए थे। अब वे एक तमिल फिल्म 'अधृष्टसाली' और दो हिंदी फिल्मों 'धुरंधर' और 'आप जैसा कोई' में नजर आएंगे।