जांच के घेरे में Airtel, ग्राहकों का आधार वैरिफिकेशन करते समय की ये बड़ी गड़बड़ी

यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी भारती एयरटेल के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। आरोप हैं कि एयरटेल ने ग्राहकों के मोबाइल नंबर को आधार कार्ड से वैरिफाई करते समय बिना बताए एयरटेल पेमेंट बैंक अकाउंट खोल डाले। इस तरह कंपनी ने आधार एक्ट का उल्लंघन किया है, जिसके लिए UIDAI एयरटेल पर भारी जुर्माना लगा सकती है।
पढ़ें: ट्विटर ने बिना परमिशन दिखा दी यूजर्स की लोकेशन, बाद में मांगी माफी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला तब प्रकाश में आया जब कुछ एयरटेल ग्राहकों की रसोई गैस सब्सिडी उनके पुराने बैंक खातों की जगह एयरटेल पेमेंट बैंक अकाउंट में आने लगी। अधिकतर यूजर्स ने इस बात की शिकायत की और बताया कि इस एयरटेल पेमेंट बैंक खाते की उन्हें कोई खबर नहीं थी। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि एयरटेल ने यह अकाउंट उनकी बिना अनुमति के ही खोल दिया।
केंद्र सरकार की प्रत्यक्ष लाभ स्थानांतरण (DBT)योजना के तहत भेजी गई सब्सिडी की यह राशि करीब 40 करोड़ से भी ज्यादा थी। शिकायत मिलने के बाद UIDAI ने एयरटेल को कारण बताओ नोटिस भेजा है।