मोबाइल से चाइनीज एप डिलीट करने पर भाजपा विधायक दे रही हैं Free में मास्क

अजय वर्मा
टेक डेस्क, अमर उजालाअजय वर्मा
Thu, 02 Jul 2020 04:09 PM IST
सार
  • भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल ने अनोखे अभियान की शुरुआत की
  • लोगों को चीनी एप डिलीट करने पर दिए जा रहे हैं मुफ्त में मास्क
  • बीते बुधवार को 100 से ज्यादा लोगों के फोन से डिलीट किए गए चीनी एप
bahraich BJP MLA Anupama Jaiswal distribiting free face mask on deleting Chinese app from mobile
Chinese APP - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    भारत सरकार ने हाल ही में 59 चीनी मोबाइल एप पर प्रतिबंध लगाया था। इनमें टिक-टॉक, हेलो और क्लब फैक्ट्री जैसे लोकप्रिय एप शामिल है। वहीं, अब बहराइच की भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल ने लोगों के फोन में मौजूद तमाम चीनी एप को डिलीट कराने के लिए एक अनोखे अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत लोगों को प्रत्येक एप डिलीट करने पर मुफ्त में फेस मास्क दिया जा रहा है।

    अनुपमा जायसवाल ने कहा है कि हमने इस अभियान की शुरुआत केंद्र द्वारा 59 चीनी एप पर प्रतिबंध लगाने के बाद की है। इस अभियान का मकसद है कि ज्यादा-से-ज्यादा लोगों के फोन से चीनी एप को डिलीट किया जाए। उन्होंने आगे कहा है कि हमारी चार से पांच महिला कार्यकर्ताओं के ग्रुप मुख्य बाजार में जाकर लोगों को चीनी एप डिलीट करने की सलाह दे रही हैं। साथ ही एप डिलीट करने पर मुफ्त में मास्क भी दिए जा रहे हैं।

    इन कार्यकर्ताओं के ग्रुप में स्मार्टफोन के विशेषज्ञ भी हैं, जो समय बर्बाद किए बिना ही लोगों के डिवाइस में से चीनी एप को डिलीट कर देते हैं। आपको बता दें कि बीते बुधवार को 100 से ज्यादा लोगों के डिवाइस में से चीनी एप को डिलीट किया गया था।

    और पढ़ें...