IMC 2023: तीन दिन चलेगा एशिया का सबसे बड़ा टेक इवेंट, 6G और AI को लेकर हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी देशभर के शैक्षणिक संस्थानों को 100 '5जी यूज केस लैब्स' का पुरस्कार देंगे। इन प्रयोगशालाओं को '100 5जी लैब पहल' के तहत विकसित किया जा रहा है।

विस्तार
एशिया का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी मंच, इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2023 का आगाज होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तीन दिन तक चलने वाले इस टेक इवेंट के 7वें संस्करण का उद्घाटन नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान के भारत मंडपम में करेंगे। आईएमसी 2023 नई दिल्ली में तीन दिनों- 27, 28 और 29 अक्तूबर, 2023 को होगा। चलिए जानते हैं इवेंट में क्या खास होने वाला है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देशभर के शैक्षणिक संस्थानों को 100 '5जी यूज केस लैब्स' का पुरस्कार देंगे। इन प्रयोगशालाओं को '100 5जी लैब पहल' के तहत विकसित किया जा रहा है। दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अक्टूबर, 2023 को प्रगति मैदान, नई दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2023 का उद्घाटन करने के लिए तैयार हैं। आइए, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के अविश्वसनीय प्रदर्शन के लिए हमारे साथ जुड़ें।"
इंडिया मोबाइल कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "एशिया के सबसे बड़े टेक इवेंट में सबसे आगे रहने के लिए 3 दिन! टेक्नोलॉजी के अगले युग का अनुभव करें, हमारे डिवाइस को पावर देने वाले कोर चिप्स से लेकर ड्रोन के साथ आसमान तक। 27-29 अक्टूबर 23 को प्रगति मैदान, नई दिल्ली में हमसे जुड़ें।"