IBM के नए सीईओ बने अरविंद कृष्णा, महिंद्रा ने कहा- बैठक में अब समोसा परोसना होगा

भारतीय मूल के अरविंद कृष्णा को इंटरनेशनल बिजनेस मशीन (आईबीएम) का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। कृष्णा लंबे समय तक सीईओ रही वर्जिनिया रोमेट्टी की जगह लेंगे। कृष्णा के आईबीएम के सीईओ बनने के बाद मल्टीनेशनल कंपनियों के भारतीय मूल के सीईओ की लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है। अब साथ वैश्विक कंपनियों के सीईओ भारतीय मूल के हो गए हैं।
अरविंद कृष्णा के आईबीएम के सीईओ बनने के बाद आनंद महिंद्रा ने मजाकिया अंदाज में ट्वीट किया, 'टेक इंडस्ट्री के अगले कॉन्क्लेव में व्हाइट हाउस को सुनिश्चित करना होगा कि स्नैक्स में हैमबर्गर की जगह समोसा परोसा जाए।'
किन-किन वैश्विक कंपनियों के सीईओ हैं भारतीय मूल के?

बता दें कि आईबीएम के अलावा सुंदर पिचाई गूगल और उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ हैं। इसके अलावा भारतीय मूल के सत्या नजेला माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ हैं। वहीं शांतनू नारायण एडोबी के, अजयपाल सिंह बंगा मास्टरकार्ड के, राजीव सूरी नोकिया के और वसंत नरसिम्हन नोवार्तिस के सीईओ हैं।
1990 में आईबीएम से जुड़े थे

अरविंद कृष्णा के पास भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर से स्नातक की डिग्री है। वहीं उरबाना-चैंपेन (Urbana-Champaign) में इलिनोइस विश्वविद्यालय से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है। कृष्णा 1990 में आईबीएम से जुड़े थे। वर्तमान सीईओ रोमेटी ने बयान में कहा, 'अरविंद आईबीएम में अगले युग के लिए सही सीईओ हैं।'
वर्तमान सीईओ रोमेटी ने की तारीफ

रोमेटी ने कहा, 'वह एक बेहतरीन टेक्नोलॉजिस्ट हैं जिन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड, क्वांटम कंप्यूटिंग और ब्लॉकचेन जैसी हमारी अहम तकनीकों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह एक शानदार ऑपरेशनल लीडर भी है, जो कल के व्यवसाय का निर्माण करते हुए आज जीतने में सक्षम हैं। अरविंद ने आईबीएम के क्लाउड और कॉग्निटिव सॉफ्टवेयर व्यवसाय को विकसित किया है और कंपनी के इतिहास में सबसे बड़े अधिग्रहण का नेतृत्व किया है।'