वर्क फ्रॉम होम के लिए एयरटेल ने पेश किया 100 रुपये का एड ऑन प्लान, मिलेगा 15GB डाटा

कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण भारत जैसे कई देशों में लॉकडाउन की स्थिति है। ऐसे में लोग अपने घरों से ही काम कर रहे हैं। घर से काम करने के लिए लैपटॉप और भरपूर इंटरनेट डाटा का होना जरूरी है। लोगों की इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए Airtel ने एक सस्ता एड ऑन प्लान पेश किया है।
एयरटेल का यह प्लान सिर्फ पोस्टपेड ग्राहकों के लिए है और यह एक एड ऑन प्लान है। इसका मतलब यह है कि इसमें सिर्फ डाटा ही मिलेगा, वैधता और कॉलिंग जैसी कोई सुविधा नहीं होगी। इस प्लान में 100 रुपये में 15 जीबी डाटा मिलेगा। ऐसे में यह प्लान उनलोगों के लिए है जिनके पास पोस्टपेड कनेक्शन है और वे घर से काम कर रहे हैं। इसके अलावा कंपनी के पास 200 रुपये का भी एक प्लान है जिसमें 35 जीबी डाटा मिल रहा है।
कंपनी का कहना है कि यूजर्स इन डाटा पैक को एयरटेल थैंक्स एप के मैनेज सर्विस सेक्शन में जाकर एक्टिव कर सकते हैं। बता दें कि आंध्र प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और तमिलनाडु जैसे सर्किल में एयरटेल के पोस्टपेड प्लान की शुरुआती कीमत 349 रुपये है जिसमें ग्राहकों को अनलिमिटेड कॉलिंग, 5 जीबी रोलओवर और रोज 100 मैसेज करने की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा जी5 और एयरटेल टीवी प्रीमियम का भी एक्सेस मिल रहा है।