एयरटेल की नई पहल: अब AI रोकेगा बैंक फ्रॉड, OTP शेयर करते ही मिलेगा 'रीयल-टाइम' अलर्ट

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Wed, 11 Feb 2026 05:39 PM IST
सार

OTP Scam Alert System:

फोन पर बैंक अधिकारी या डिलीवरी एजेंट बनकर ओटीपी मांगने वाले ठगों से बचाने के लिए एयरटेल ने एक नया एआई आधारित सुरक्षा सिस्टम लॉन्च किया है। यह सिस्टम नेटवर्क लेवल पर काम करता है और जैसे ही किसी संदिग्ध कॉल के दौरान आपके फोन पर बैंक का ओटीपी आता है तुरंत आपको चेतावनी मैसेज भेज देता है कि ओटीपी साझा न करें।

Airtel Launches AI-Powered OTP Scam Alert System to Protect Users from Bank Fraud Calls
एयरटेल फ्रॉड डिटेक्शन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एयरटेल

    विस्तार

    आजकल फोन पर बैंक के नाम से फर्जी कॉल करके पैसे ठगने की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। इसे रोकने के लिए एयरटेल एक नई और स्मार्ट तकनीक लाया है। ऑनलाइन ठगी को रोकने के लिए कंपनी ने एक नया एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सिस्टम बनाया है। अब अगर कॉल के दौरान कोई आपसे बैंक का ओटीपी (OTP) चुराने की कोशिश करेगा तो यह सिस्टम आपको तुरंत चेतावनी दे देगा।

    जल्दबाजी में ओटीपी साझा करने से रोकेगा सिस्टम

    जैसे ही आपके पास कोई ऐसी कॉल आती है जो ठगी वाली लगती है और उसी दौरान आपके फोन पर कोई ओटीपी आता है तो एयरटेल का सिस्टम तुरंत उसे पहचान लेता है। वह कॉल के बीच में ही आपको एक मैसेज भेजकर सावधान करेगा कि आप अपना ओटीपी किसी को न दें। अक्सर ठग डिलीवरी बॉय या बैंक अफसर बनकर आपको डराते हैं या जल्दबाजी में ओटीपी मांगते हैं लेकिन यह नया सिस्टम आपको रुकने और सोचने का समय देगा ताकि आपके साथ धोखाधड़ी न हो। यह सुविधा अभी हरियाणा में शुरू हुई है और अगले दो हफ्तों में पूरे देश के एयरटेल ग्राहकों के लिए उपलब्ध हो जाएगी।

    ओटीपी स्कैम कैसे होता है?

    ठग अक्सर लोगों को डराने या उन्हें जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए मजबूर करते हैं। वे फोन पर खुद को बैंक का बड़ा अधिकारी, पार्सल देने वाला डिलीवरी बॉय या किसी कंपनी का कर्मचारी बताते हैं। वे आपसे बड़े प्यार से या कभी-कभी डराकर कहते हैं कि 'आपका कोई सामान आया है' या 'आपका अकाउंट बंद होने वाला है, इसे ठीक करने के लिए बस एक ओटीपी बता दीजिए।' लेकिन सच तो यह है कि वह ओटीपी आपके बैंक से पैसे निकालने के लिए होता है। जैसे ही आप उन्हें वह नंबर बताते हैं वे पलक झपकते ही आपके खाते से पैसे साफ कर देते हैं।

    ये भी पढ़ें: सैमसंग के नए स्मार्टफोन लॉन्च इवेंट की तारीख तय: गैलेक्सी S26 पर सभी की नजर, देखने को मिल सकते हैं ये बदलाव

    स्पैम कॉल्स पर करेगा सावधान

    एयरटेल का नया सिस्टम एक स्मार्ट जासूस की तरह काम करता है जो आपके पास आने वाली कॉल्स पर नजर रखता है। जैसे ही आप किसी ऐसी कॉल पर होते हैं जो शक के दायरे में है और ठीक उसी समय आपके फोन पर बैंक का ओटीपी आता है तो सिस्टम तुरंत खतरे को भांप लेता है। उसी पल एयरटेल आपको एक मैसेज भेजकर सावधान करता है कि कॉल पर रहते हुए ओटीपी बताना आपके लिए भारी पड़ सकता है। इस पूरी कोशिश का मकसद बस यही है कि आप ठगों के दबाव में आकर कोई गलती न करें और आपको ठगी से बचने के लिए सोचने और संभलने का पूरा समय मिल सके।

    अपने ग्राहकों को ठगी से बचाने जियो का 'जियो ब्रेन' फीचर

    ऑनलाइन ठगी से अपने ग्राहकों को बचाने के लिए रिलायंस जियो ने भी 'जियो ब्रेन' नाम का एक नया एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सिस्टम तैयार किया है। यह सिस्टम हर समय नेटवर्क पर नजर रखता है और जैसे ही कोई संदिग्ध गतिविधि दिखती है उसे तुरंत पकड़ लेता है। इसकी सबसे अच्छी बात ये है कि मशीन लर्निंग की मदद से अब किसी भी फर्जी कॉल के आने से पहले ही आपके फोन पर 'सस्पेक्टेड स्पैम' लिखा हुआ आ जाएगा ताकि आप सावधान हो सकें।

    ये भी पढ़ें: 3 घंटे में हटाना होगा AI कंटेंट: डीपफेक पर सरकार का बड़ा एक्शन, सोशल मीडिया कंपनियों के लिए नई गाइडलाइंस जारी

    'ओटीपी-लेस' सिस्टम पर काम कर रहा है जियो

    जियो एक और बड़ा बदलाव कर रहा है। जियो एक फीचर पर काम कर रहा है जिससे यूजर्स को बार-बार आने वाले जोखिम भरे एसएमएस ओटीपी के झंझट से मुक्ति मिल सकती है। जियो 'ओटीपी-लेस' सिस्टम पर काम कर रहा है जो सीधे आपके सिम कार्ड से ही आपकी पहचान कर लेगा। इसके अलावा, जियो ने 'सिम स्वैप' जैसी धोखाधड़ी को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं और मैसेज में आने वाले खतरनाक लिंक्स को नेटवर्क पर ही ब्लॉक करना शुरू कर दिया है। जियो ये सारे कदम सरकार (TRAI) के नियमों के तहत उठा रहा है ताकि आपका डाटा सुरक्षित रहे।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें