मोबाइल खो गया तो न घबराएं: बिना नंबर बदले ऐसे पाएं डुप्लीकेट सिम कार्ड, बैंक और यूपीआई भी रहेंगे पूरी तरह सेफ

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 22 Nov 2026 12:54 PM IST
सार
  • स्मार्टफोन गुम या चोरी होने पर सबसे बड़ी चिंता अपने पुराने मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट और UPI एप्स को लेकर होती है।
  • लेकिन आपको नया नंबर लेने की जरूरत नहीं है। आप अपने टेलीकॉम ऑपरेटर से पुराने नंबर पर ही नया सिम कार्ड जारी करा सकते हैं।
  • जानिए Jio, Airtel, Vi और BSNL यूजर्स कैसे अपना पुराना सिम ब्लॉक कर नया सिम हासिल कर सकते हैं।
after losing phone how to get replacement sim with same number jio airtel vi bsnl guide
मोबाइल खो जाने के बाद करें ये काम। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    स्मार्टफोन खोने या चोरी होने पर सबसे बड़ी चिंता उसमें मौजूद डेटा और मोबाइल नंबर की होती है। कई लोगों को लगता है कि फोन के साथ सिम खोने पर नया नंबर लेना पड़ेगा। लेकिन ऐसा नहीं है। आप अपना पुराना मोबाइल नंबर बरकरार रखते हुए डुप्लीकेट सिम ले सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पुराने सिम को ब्लॉक कराना होगा। जियो, एयरटेल, वीआई और बीएसएनएल यूजर्स के लिए इसकी प्रक्रिया क्या है, आइए जानते हैं।

    फोन खोने पर सबसे पहले करें ये काम

    अगर आपका फोन कहीं खो गया है या चोरी हो गया है तो सबसे पहले अपने टेलीकॉम ऑपरेटर को इसकी जानकारी दें और पुराने सिम को ब्लॉक कराएं। ऐसा करने से कोई दूसरा व्यक्ति आपके नंबर का गलत इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। जियो यूजर्स सिम बंद कराने के लिए 1800-889-9999 पर कॉल कर सकते हैं। एयरटेल, वीआई और बीएसएनएल यूजर्स भी अपने ऑपरेटर के कस्टमर केयर से संपर्क कर सकते हैं।

    इसके अलावा फोन को भी ब्लॉक कराना जरूरी है। इसके लिए सरकार के संचार साथी पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। यहां फोन का आईएमईआई नंबर और पुलिस शिकायत की कॉपी देकर डिवाइस को ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट की जा सकती है। इसके बाद फोन में दूसरा सिम डालने पर भी वह मोबाइल नेटवर्क से कनेक्ट नहीं हो पाएगा।

    पुराने नंबर पर डुप्लीकेट सिम कैसे मिलेगा?

    पुराना सिम ब्लॉक होने के बाद आपको नया मोबाइल कनेक्शन लेने की जरूरत नहीं है। आप उसी नंबर पर रिप्लेसमेंट या डुप्लीकेट सिम ले सकते हैं। इसके लिए आमतौर पर संबंधित टेलीकॉम कंपनी के अधिकृत स्टोर पर जाना होगा। वहां अपना मोबाइल नंबर और आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे वैध पहचान पत्र दिखाकर वेरिफिकेशन कराना होगा।

    कुछ मामलों में पुलिस शिकायत की कॉपी भी मांगी जा सकती है। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आपको नया सिम दे दिया जाएगा। हालांकि, सिम एक्टिव होने में कुछ समय लग सकता है।

    1. जियो (Jio) यूजर्स के लिए प्रोसेस

    • अगर आपका जियो सिम खो गया है तो डुप्लीकेट सिम लेने के लिए नजदीकी जियो स्टोर जाना होगा। इसके लिए ये स्टेप फॉलो करें:
    • सबसे पहले 1800-889-9999 पर कॉल करके पुराने सिम को अस्थायी रूप से बंद कराएं।
    • नजदीकी जियो स्टोर पर जाकर एजेंट को बताएं कि आपका फोन और सिम खो गया है और आपको उसी नंबर पर नया सिम चाहिए।
    • अपना पुराना मोबाइल नंबर बताएं और पहचान से जुड़ी जांच पूरी करें।
    • नया सिम लेने के बाद स्टोर कर्मचारी से उसके एक्टिवेशन का समय पूछ लें।

    2. एयरटेल (Airtel) यूजर्स के लिए प्रोसेस

    • किसी दूसरे फोन से एयरटेल कस्टमर केयर को कॉल करें और फोन खोने की रिपोर्ट दर्ज कराएं।
    • सबसे पहले प्रतिनिधि से अपना पुराना सिम ब्लॉक करने के लिए कहें।
    • इसके बाद अपने मूल पहचान पत्र (Original ID Proof) और पुलिस शिकायत की कॉपी लेकर नजदीकी एयरटेल स्टोर जाएं।
    • वहां मौजूद स्टाफ से अपने मौजूदा नंबर का डुप्लीकेट सिम मांगें और वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर नया सिम प्राप्त करें।

    3. वीआई (Vi) यूजर्स के लिए प्रोसेस

    • वीआई अपने ग्राहकों को ऑनलाइन सिम ब्लॉक करने की सुविधा देता है। इसके लिए कंपनी की सिम-ब्लॉकिंग सुविधा पर जाएं और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें।
    • आपके वैकल्पिक नंबर या ईमेल पर आए OTP के जरिए रिक्वेस्ट को वेरिफाई करें।
    • सिम ब्लॉक होने के बाद अपने वैध आईडी प्रूफ और वैकल्पिक कॉन्टैक्ट डिटेल्स के साथ नजदीकी Vi स्टोर जाएं और नया सिम ले लें।
    • खास बात: Vi के मुताबिक नया सिम लेने पर आपका पुराना रिचार्ज प्लान, बैलेंस और सेवाएं सुरक्षित रहती हैं। लेकिन ध्यान रहे कि पुराना सिम ब्लॉक करने के 90 दिनों के भीतर नया सिम लेना जरूरी है, वरना आपका नंबर हमेशा के लिए बंद हो सकता है।

    4. बीएसएनएल यूजर्स ऐसे पाएं नया सिम

    • सिम ब्लॉक कराने के लिए किसी दूसरे BSNL नंबर से 1503 पर या किसी अन्य नेटवर्क के फोन से 1800-180-1503 पर कॉल करें।
    • कस्टमर केयर को फोन खोने की जानकारी दें, सिम ब्लॉक कराएं और अपने इलाके के संबंधित ग्राहक सेवा केंद्र की जानकारी लें।
    • तय केंद्र पर अपना पहचान पत्र और कंपनी द्वारा बताए गए जरूरी दस्तावेज लेकर जाएं और वेरिफिकेशन के बाद नया सिम प्राप्त करें।
    • BSNL के नियम अलग-अलग टेलीकॉम सर्किल के हिसाब से थोड़े अलग हो सकते हैं, इसलिए पहले कॉल पर पुष्टि जरूर कर लें।

    नया सिम लेने के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी?

    डुप्लीकेट सिम लेने के लिए सरकारी पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है। इसमें आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट शामिल हो सकते हैं। अगर फोन चोरी हुआ है तो पुलिस शिकायत की कॉपी भी मांगी जा सकती है। इसलिए स्टोर जाने से पहले कस्टमर केयर से जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर ले लें।

    नया सिम मिलने के बाद कब होगा एक्टिव?

    नया सिम हाथ में मिलते ही जरूरी नहीं कि सभी सेवाएं तुरंत शुरू हो जाएं। इसे एक्टिव होने में कुछ समय लग सकता है। इसके अलावा दूरसंचार विभाग (DoT) के नियमों के मुताबिक, रिप्लेसमेंट सिम एक्टिव होने के बाद शुरुआती 24 घंटे तक एसएमएस सेवा बंद रहती है।

    इसका मतलब है कि इस दौरान आपको बैंकिंग, यूपीआई या दूसरे एप्स के एसएमएस ओटीपी नहीं मिलेंगे। 24 घंटे पूरे होने के बाद एसएमएस सेवा शुरू हो सकती है और आप अपने पुराने नंबर से दोबारा सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।

    और पढ़ें...