दुनिया की सबसे तेज 4जी मोबाइल इंटरनेट स्पीड, बना दिया रिकॉर्ड

फिनलैंड की एक मोबाइल नेटवर्क कंपनी ने दुनिया की सबसे तेज़ 4जी मोबाइल इंटरनेट स्पीड उपलब्ध कराने का दावा किया है।
एलिसा नाम की इस कंपनी के मुताबिक़ एक परीक्षण के दौरान 1.9 जीबीपीएस की स्पीड हासिल की गई, जो एक रिकॉर्ड है।
इंटरनेट की इस स्पीड पर एक ब्लू रे फ़िल्म को केवल 44 सेकेंड में ही डाउनलोड किया जा सकता है।
हालांकि कई विश्लेषकों ने इस बात पर संदेह जताया है कि वास्तविक नेटवर्क पर इतनी स्पीड दोबारा हासिल की जा सकती है।
कंपनी ने कहा है कि क़रीब दो जीबीपीएस तक की स्पीड देने के लिए उसने चीनी कंपनी हुवेई की ओर से दी गई तकनीक अपनाई।
5जी नेटवर्क पर एक टेराबाइट पर सेकेंड

व्यावसायिक नेटवर्क पर इंटरनेट की सबसे तेज़ स्पीड 300 एमबीपीएस की है।
इस साल फ़रवरी में एक विश्वविद्यालय की शोध टीम ने 5जी नेटवर्क पर एक टेराबाइट पर सेकेंड (टीवीपीएस) की स्पीड हासिल की थी। ये टीम किसी नेटवर्क प्रोवाइडर से नहीं जुड़ी हुई थी
एलिसा के सीईओ ने बीबीसी को बताया कि कंपनी अगले दो-तीन साल में फ़िनलैंड में एक जीबीपीएस की स्पीड वाला नेटवर्क शुरू करने की योजना बना रही है।