WhatsApp: कलरफुल होने वाला है व्हाट्सएप का नया इंटरफेस! चैट आईकन में भी होगा बदलाव
WhatsApp नए कलर इंटरफेस और चैट आइकन पर काम कर रही है, जो जल्द पेश किए जा सकते हैं। नए इंटरफेस को एंड्रॉयड वर्जन के लिए पेश किया जाएगा।

विस्तार
चैटिंग और मैसेजिंग के लिए यदि आप व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं तो आपका मजा दोगुना होने वाला है। कंपनी नया कलर इंटरफेस और चैट आइकन पर काम कर रही है, जो जल्द पेश किए जा सकते हैं। नए इंटरफेस को एंड्रॉयड वर्जन के लिए पेश किया जाएगा। फीचर ट्रैकर द्वारा इन फीचर्स की जानकारी दी गई है।
नए इंटरफेस में मिलेगा नया कलर
फीचर ट्रैकर WABetaInfo द्वारा शेयर की गई जानकारी के अनुसार, व्हाट्सएप अपने एप्लिकेशन के एंड्रॉयड वर्जन पर चैट इंटरफेस को फिर से डिजाइन कर रहा है। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफार्म एप में कुछ रंगों को बदलने पर काम कर रही है-यह बदलाव इस बात को भी प्रभावित करेगा कि एप डार्क मोड में कैसा दिखता है। वहीं एप के आइकन और बटन को भी नए कलर्स के साथ अपडेट किया जा रहा है।
एंड्रॉयड के लिए व्हाट्सएप बीटा के वर्जन 2.23.20.10 पर, फीचर ट्रैकर ने एप के इंटरफेस का एक रिफ्रेश वर्जन देखा है, जो अभी भी व्हाट्सएप द्वारा विकसित किया जा रहा है। यानी इस फीचर को आने में अभी समय लग सकता है।
वहीं व्हाट्सएप मैन चैट स्क्रीन में एक रि-डिजाइन किए गए कैमरा आइकन को पेश करने के भी लिए काम कर रहा है, जबकि वीडियो कॉल और वॉयस कॉल, और पर्सनल चैट और ग्रुप चैट के अंदर कैमरा आइकन को भी बदला जाएगा। WABetaInfo ने लाइट और डार्क दोनों मोड में नए आइकन दिखाने वाले स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं।

पिछले महीने, फीचर ट्रैकर ने खुलासा किया था कि व्हाट्सएप एप के टॉप पर अपने आइकॉनिक ग्रीन कलर को व्हाइट से साथ बदलने की योजना बना रहा था। इस बदलाव की मदद से व्हाट्सएप एप इंटरफेस को आसानी से डार्क मोड में ब्लैक या ग्रे कलर में बदल सकता है। हालांकि, कंपनी ने अब तक इसे लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।