Summer Vacation Scams: अब घूमने-फिरने वाले लोगों पर हैकर्स की नजर, बचाव के लिए अपनाएं ये टिप्स
अगर आप अभी इस गर्मी के मौसम में कही पर घूमने की योजना बना रहे हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। इन दिनों हैकर्स के निशाने पर टूरिस्ट बने हुए हैं, हैकर्स नए तरीके से घूमने-फिरने वाले लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं।

विस्तार
वक्त के साथ-साथ तकनीक में काफी तेजी से बदलाव हुआ है। यह बदलाव जहां एक ओर लोगों की सुविधा में इजाफा कर रहे हैं, वहीं, दूसरी तरफ कुछ गलत लोग इसी तकनीक का अनुचित इस्तेमाल करके ठगी का काम करते हैं। गर्मी के मौसम में अक्सर लोग घूमने-फिरने जाते हैं। इस दौरान काफी बडी संख्या में होटल और टिकट्स की बुकिंग होती है। इसी बीच एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि साइबर हैकर्स इसका फायदा उठाकर लोगों के साथ नए तरीके से धोखेबाजी कर रहे हैं। इस तरह की ठगी को समर वेकेशन स्कैम्स कहा जा रहा है।
दरअसल मई 2024 में एक रिपोर्ट में बताया गया है कि गर्मियों की छुट्टियों में घूमने वाले यात्री हैकर्स के निशाने पर हैं। साइबर अपराधी यात्रियों की पर्सनल जानकारी को हासिल करना चाहते हैं। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि बीते एक साल के दौरान 25 हजार से अधिक डोमेन पंजीकृत हुए हैं। इसमें कई सारे डोंमेन पर संदेह के बादल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह आकंड़ा पिछले एक साल के दौरान लगभग दोगुना हो गया है।
वहीं, साइबर सिक्योरिटी फर्म ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि कई सारी डोमेन को संदेहस्पद पाया है। इसमें होटल और बुकिंग नाम का सबसे अधिक इस्तेमाल किया गया है। इस तरह की फर्जी वेबसाइट में फिशिंग ईमेल होता है, जो कि बाहर से देखने पर एकदम असली लगती है। इन वेबसाइट्स का डिजाइन और लोगो भी काफी बेहतर रहता है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि जैसे ही यूजर्स इन फर्जी वेबसाइट्स को खोलते हैं, तो यह वेबसाइट लोगों को किसी अन्य लिंक पर लेकर चली जाती है, इस दौरान यूजर्स की पर्सनल जानकारी को चुराया जाता है।