Threads App: ट्विटर की टक्कर में मेटा ला रहा नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इसी हफ्ते होगी लॉन्चिंग! जानें फीचर्स
Threads App यूजर्स को फोटो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके द्वारा फॉलो किए गए अकाउंट को फॉलो करने की सुविधा देगा।

विस्तार
ट्विटर की टक्कर में फेसबुक और इंस्टाग्राम के स्वामित्व वाला मेटा अपने नए टेक्स्ट-आधारित एप Threads App को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इसकी लॉन्चिंग छह जुलाई को होने जा रही है। Threads App को ऐसे समय में लॉन्च किया जा रहा है जब ट्विटर द्वारा एप पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की गई है। दरअसल, ट्विटर ने नए प्रतिबंध के तहत ट्वीटडेक का उपयोग करने के लिए वेरीफाई होना आवश्यक कर दिया है। यानी जिन यूजर्स के पास ब्लू टिक नहीं है वह ट्वीटडेक का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
एपल एप स्टोर की लिस्टिंग से पता चलता है कि थ्रेड्स, इंस्टाग्राम का टेक्स्ट-आधारित कन्वर्सेशन एप, गुरुवार छह जुलाई को जारी होने की उम्मीद है और यह यूजर्स को फोटो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके द्वारा फॉलो किए गए अकाउंट को फॉलो करने की सुविधा देगा। साथ ही यूजर्स को इंस्टाग्राम वाला यूजर नाम रखने की अनुमति भी मिलेगी। हालांकि, अब तक मेटा ने Google Play Store पर इस तरह के लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
मस्क द्वारा नए प्रतिबंधों की घोषणा के तुरंत बाद Bluesky और Mastodon जैसे ट्विटर जैसे प्लेटफार्मों पर यूजर्स और गतिविधि में वृद्धि देखी गई। Bluesky, जिसे ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डोर्सी द्वारा लॉन्च किया गया था और अब बीटा मोड में है, ने कहा कि उसने शनिवार को "हाई ट्रैफिक रिकॉर्ड" देखा और वह अस्थायी रूप से नए साइन-अप रोक रहा था। इसके निर्माता और सीईओ यूजेन रोचको ने कहा कि एक दिन में ही मास्टोडॉन के एक्टिव यूजर बेस में 110,000 की वृद्धि देखी गई है।