Instagram: प्रोफाइल नेम बदलने का क्या है नियम, इंस्टाग्राम पर क्यों फूटा कंगना का गुस्सा
इंस्टाग्राम की पॉलिसी के मुताबिक आप किसी भी वक्त अपना नाम, यूजरनेम और ईमेल जैसी प्रोफाइल जानकारी को अपडेट कर सकते हैं या बदल सकते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं।

विस्तार
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। चाहे किसी फिल्म के ट्रेलर को लेकर रहें या फिर किसी मुद्दे को लेकर। कंगना हर तरह के मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी बेबाक राय रखती हैं। कंगना की फिल्म 'थलाइवी' रिलीज हो रही है जो कि तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के अभिनेत्री से पॉलिटिशन बनने के पूरे सफर पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है और कंगना रणौत फिल्म के ट्रेलर का लिंक अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल की बायो में अपडेट करना चाहती हैं, लेकिन वो ऐसा नहीं कर पा रही हैं। कंगना अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल के नाम में भी थलाइवी जोड़ना चाह रही हैं लेकिन किसी कारणवश वह ऐसा भी नहीं कर पा रही हैं।
इंस्टाग्राम और कंगना की लड़ाई
इसे लेकर कंगना ने इंस्टाग्राम को ईस्ट इंडिया कंपनी की मानसिकता वाला करार दिया है। कंगना ने इस संबंध में दो इंस्टा स्टोरी भी शेयर की हैं जिनमें उन्होंने लिखा, 'प्यारे इंस्टाग्राम। मुझे अपने प्रोफाइल में अपनी फिल्म का ट्रेलर जोड़ना है। मुझे बताया गया है कि मेरा प्रोफाइल वेरिफाइड है, इसलिए मैं इसकी मालकिन हूं, हालांकि मैंने अपना नाम कमाया है और कई सालों से प्रोफाइल बनाया है, लेकिन इंस्टा पर मुझे अपने ही नाम में कुछ जोड़ने के लिए आपकी इजाजत चाहिए। आपकी भारतीय टीम कहती है कि उन्हें अपने विदेशी बॉसों की अनुमति लेनी होगी। एक हफ्ता हो गया है। कुछ बेवकूफ गोरों की गुलामी करने जैसा लग रहा है। बेवकूफों, अपनी ईस्ट इंडिया कंपनी वाली मानसिकता छोड़ो।'
अब यहां कुछ चीजों को यह समझना बहुत जरूरी है। पहली बात है कि क्या इंस्टाग्राम भी ट्विटर की तरह प्रोफाइल नेम बदलने की इजाजत देता है? यदि हां तो इसके लिए कंपनी की पॉलिसी क्या है? तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इंस्टाग्राम पर आप अपना प्रोफाइल नेम बदल सकते हैं लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं जिन्हें इंस्टाग्राम के हेल्प सेंटर पर पढ़ा जा सकता है।
यूजर नेम बदलने के लिए क्या है नियम?
इंस्टाग्राम की पॉलिसी के मुताबिक आप किसी भी वक्त अपना नाम, यूजरनेम और ईमेल जैसी प्रोफाइल जानकारी को अपडेट कर सकते हैं या बदल सकते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं। यूजर नेम बदलने को लेकर इंस्टाग्राम का कहना है, 'ध्यान रखें कि अगर आपके अकाउंट से बहुत सारे लोग जुड़े हैं, तो हो सकता है कि यूजरनेम में बदलाव किए जाने पर उसको रिव्यू किया जाए। अगर ऐसा हुआ तो रिव्यू पूरा होने के बाद आपको नोटिफिकेशन मिलेगा। अगर नहीं, तो उपलब्ध होने पर यूजरनेम तुरंत बदल दिया जाएगा। आपके फॉलोवर को आपके यूजरनेम में बदलाव के बारे सूचित किया जा सकता है।'
इंस्टाग्राम की पॉलिसी यह भी है कि यदि आपका अकाउंट वेरिफाइड है तो आप यूजर नेम नहीं बदल सकते हैं। यहां दो बातें ध्यान देने वाली हैं। प्रोफाइल नेम और यूजर नेम, दो अलग-अलग चीजें हैं। प्रोफाइल नेम आप बदल सकते हैं, लेकिन यूजर नेम नहीं बदला जा सकता। कंगना के मामले में प्रोफाइल नेम को लेकर मसला हुआ है। अपनी प्रोफाइल के बायो में आप आसानी से कोई लिंक एड कर सकते हैं। कंगना के मामले को लेकर इंस्टाग्राम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं हुआ है लेकिन कंगना को यह समस्या किसी तकनीकी दिक्कतों की वजह से भी हो सकती है, क्योंकि इससे पहले भी कई यूजर्स को इस समस्या से जूझना पड़ा है।