ये क्या: आईफोन 18 प्रो खरीदते ही यूजर्स परेशान! स्क्रीन पर दिख रहीं ग्रीन-पिंक लाइनें, फोन हो रहा रीस्टार्ट
एपल के आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स मॉडल्स में लॉन्च के कुछ ही दिनों बाद बड़ी समस्याएं सामने आने लगी हैं। ग्राहकों ने डिस्प्ले पर रंगीन लाइनें दिखने और फेस आईडी इस्तेमाल करते समय फोन के अचानक रिस्टार्ट होने की गंभीर शिकायतें की हैं।

विस्तार
एपल के लेटेस्ट फ्लैगशिप डिवाइस आईफोन 18 प्रो सीरीज ने अभी बाजार में कदम रखा ही था कि इसमें गंभीर तकनीकी खामियां सामने आने लगी हैं। दुनिया भर के साथ-साथ भारत में भी इन प्रीमियम स्मार्टफोन्स को खरीदने वाले ग्राहक डिस्प्ले पर अजीबोगरीब रंगीन लाइनें दिखने और डिवाइस के अचानक रीबूट (रीस्टार्ट) होने की शिकायत कर रहे हैं।
स्क्रीन पर दिखने लगीं रंगबिरंगी लाइनें
सोशल मीडिया पर यूजर्स द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की स्क्रीन पर हरे, गुलाबी और लाल रंग की वर्टिकल लाइनें अचानक उभर कर आ रही हैं। हालांकि एपल ने संपर्क करने वाले कुछ प्रभावित ग्राहकों के डिवाइस बदल दिए हैं, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह डिस्प्ले की समस्या कितने बड़े पैमाने पर फैली हुई है या इसके पीछे किसी खास हार्डवेयर कंपोनेंट की खामी है।
इस समस्या ने एक बार फिर से प्रीमियम स्मार्टफोन्स में इस्तेमाल होने वाले ओलेड पैनल की गुणवत्ता पर बहस छेड़ दी है, जहां कुछ लोग मजाक में इसके लिए डिस्प्ले सप्लायर सैमसंग पर भी तंज कस रहे हैं।
फेस आईडी इस्तेमाल करते ही रिस्टार्ट हो रहा फोन
डिस्प्ले की समस्या से कहीं अधिक चिंताजनक मामला अचानक फोन रिस्टार्ट होने का है, जिसे लेकर स्थिति ज्यादा साफ नजर आ रही है। कई ग्राहकों का कहना है कि फेस आईडी ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करते ही उनका आईफोन 18 प्रो अचानक क्रैश होकर खुद चालू हो जाता है। एक यूजर ने तो यहां तक बताया कि उसका प्रो मैक्स मॉडल फेस आईडी स्कैनिंग के दौरान तीन बार और एपल वॉलेट का उपयोग करते वक्त एक बार अचानक रीबूट हो गया।
सॉफ्टवेयर अपडेट से उम्मीद
इस समस्या पर एपल ने भी संज्ञान लिया है और माना है कि आईफोन 18 प्रो यूजर्स का एक वर्ग 'पैनिक-फुल' एरर का सामना कर रहा है। टेक दिग्गज ने आश्वासन दिया है कि अगले सप्ताह की शुरुआत में ही एक सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए इस रीबूट बग को फिक्स कर दिया जाएगा। आमतौर पर किसी आईफोन के डायग्नोस्टिक लॉग में 'पैनिक-फुल' एरर तब दर्ज होती है जब सिस्टम किसी बड़ी नाकामी के चलते फोन को रीस्टार्ट करने के लिए मजबूर हो जाता है।
सेंसर में बदलाव बनी वजह?
इस बार एपल ने अपने नए प्रो मॉडल्स में डायनामिक आइलैंड को छोटा करने के लिए फेस आईडी वाले इंफ्रारेड कैमरे को डिस्प्ले के नीचे शिफ्ट किया है। इंडस्ट्री के जानकारों का अनुमान है कि शायद कुछ खास स्क्रीन प्रोटेक्टर इस नए इंफ्रारेड सेंसर के काम में रुकावट पैदा कर रहे हों, जिससे फोन रिस्टार्ट हो रहा हो।
भारत में आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये रखी गई है। ऊंची कीमत के बावजूद लॉन्चिंग पीरियड में इसकी डिमांड में भारी उछाल दर्ज किया गया था। अब देखना यह है कि आने वाले सॉफ्टवेयर अपडेट से यह समस्या कितनी जल्दी सुलझती है और डिस्प्ले की खामियों को लेकर कंपनी क्या अंतिम रुख अपनाती है।
- मोबाइल रिचार्ज पर बड़ी खबर: अब मिलेंगे पूरे 30 दिनों वाले प्लान, केवल वॉइस और एसएमएस वाले पैक भी होंगे उपलब्ध
- एपल: आईफोन 18 प्रो मैक्स की स्क्रीन टूटी तो कितना आएगा रिपेयर बिल? कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान
- अमेजन फेस्टिवल सेल 2026 की अर्ली डील्स लाइव: स्मार्टफोन और गैजेट्स पर मिल रही भारी छूट, देखें बेस्ट ऑफर्स
- स्मार्टफोन से क्यों गायब हुई नोटिफिकेशन लाइट: क्यों हटाया गया यह काम का फीचर? जानें यूजर्स पर क्या हुआ असर