AI Tools: कम पड़ रहा है समय? AI की मदद से सीखें 'टाइम ब्लॉकिंग' का हुनर और चुटकियों में निपटाएं दिनभर के काम
Tips For Time Blocking:
क्या आप भी दिनभर काम करने के बाद सोचते हैं कि समय कहां चला गया? 'टाइम ब्लॉकिंग' एक ऐसी रणनीति है जो आपके बिखरे हुए समय को समेट सकती है। और जब इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का तड़का लग जाए, तो आपकी प्रोडक्टिविटी दोगुनी हो सकती है। आइए जानते हैं कैसे।

विस्तार
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में दिनभर के अनगिनत कामों को सही समय पर पूरा करना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसी चुनौती से निपटने के लिए विशेषज्ञ 'टाइम ब्लॉकिंग' (Time Blocking) की तकनीक अपनाने की सलाह देते हैं। इसका सीधा सा मतलब है अपने पूरे दिन को छोटे-छोटे हिस्सों (ब्लॉक्स) में बांट लेना और हर ब्लॉक में केवल एक ही खास काम पर ध्यान लगाना। इससे आप एक साथ कई काम (मल्टीटास्किंग) करने की आदत से बचते हैं और आपका ध्यान नहीं भटकता। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि अगर इस पुरानी तकनीक को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ मिला दिया जाए, तो यह आपकी काम करने की क्षमता को चमत्कारी रूप से बढ़ा सकती है?
AI टूल्स से शेड्यूलिंग करें ऑटोमेट
शेड्यूल बनाना कई बार खुद में एक बड़ा काम लगता है। ऐसे में Reclaim.ai जैसे एआई टूल आपकी बड़ी मदद कर सकते हैं। ये टूल आपकी शेड्यूलिंग की पूरी प्रक्रिया को ऑटोमेट कर देते हैं। ये आपके कैलेंडर, ईमेल और आपके काम करने के पुराने तरीकों (आदतों) का विश्लेषण करते हैं और फिर आपके खाली समय को उन कामों के लिए बुक कर देते हैं जिनकी डेडलाइन करीब है या जिनमें बहुत ज्यादा फोकस की जरूरत है। ये टूल स्लैक (Slack) और दूसरे कैलेंडर्स के साथ मिलकर काम करते हैं, जिससे आपके काम आपस में नहीं टकराते और जरूरी काम समय पर पूरे होते हैं।
प्राथमिकता तय करने में लें AI की मदद
दिनभर में कई काम होते हैं, लेकिन कौन सा काम सबसे पहले करना है, यह तय करना बहुत जरूरी है। टाइम ब्लॉकिंग में कामों की प्राथमिकता तय करने के लिए 'आइजनहावर मैट्रिक्स' जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होता है। आजकल Motion AI जैसे टूल आ गए हैं, जो आपके कामों की लिस्ट देखकर खुद ही तय कर लेते हैं कि कौन सा काम सबसे ज्यादा जरूरी है और उसे आपके कैलेंडर में सबसे ऊपर फिट कर देते हैं। अगर अचानक कोई नया काम आ जाए, तो ये एआई टूल उसके हिसाब से खुद को ढाल लेते हैं, ताकि आपका कोई भी अहम काम न छूटे।
फोकस बढ़ाने के लिए स्मार्ट शेड्यूलिंग का कमाल
गहन अध्ययन या बहुत ध्यान लगाकर किए जाने वाले कामों के लिए एक अलग समय चाहिए होता है। Clockwise जैसे स्मार्ट शेड्यूलिंग टूल यही काम करते हैं। ये टूल रोजाना लाखों विकल्पों को स्कैन करके आपके लिए ऐसा समय निकालते हैं जब आप बिना किसी रुकावट के अपने सबसे अहम प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकें। इतना ही नहीं, अगर आपकी टीम की कोई मीटिंग है, तो ये टूल उसे भी इस तरह एडजस्ट करते हैं कि आपकी एकाग्रता भंग न हो। इससे काम और निजी जिंदगी के बीच एक बेहतरीन संतुलन बनता है।
ऑटोमेशन और पर्सनल प्लानिंग का बैलेंस
कई बार हम नहीं चाहते कि मशीनें हमारे पूरे दिन पर राज करें, हमें अपने शेड्यूल में अपना निजी टच भी चाहिए होता है। Morgan का एआई प्लानर इसी सोच पर काम करता है। यह टूल ऑटोमेटेड प्लानिंग के साथ-साथ आपको खुद टाइम ब्लॉक करने की सुविधा भी देता है। यह आपकी काम करने की क्षमता और कामों की प्राथमिकता के आधार पर आपका रोज का शेड्यूल बनाता है। इसे Todoist जैसे दूसरे टूल्स के साथ भी आसानी से जोड़ा जा सकता है, जिससे आप दफ्तर और घर की जिम्मेदारियों को आसानी से संभाल सकते हैं।
सिर्फ एक प्रॉम्प्ट और शुरू हो जाएगा आपका काम
अगर आप लंबे चौड़े शेड्यूल नहीं बनाना चाहते और बस तुरंत काम शुरू करना चाहते हैं, तो 'जेनरेटिव एआई प्रॉम्प्ट' आपके लिए हैं। माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365) जैसे प्लेटफॉर्म्स पर आप बस एक साधारण कमांड दे सकते हैं, जैसे "मेरी टू-डू लिस्ट के लिए टाइम ब्लॉक बनाओ" और एआई तुरंत आपकी पूरी योजना बनाकर सामने रख देगा। इसके अलावा, Ohai.ai जैसे टूल आपको काम के बीच में रिमाइंडर भेजने और चीजों को व्यवस्थित रखने में मदद करते हैं। इस तरह, एआई तकनीक आपको काम के तनाव से दूर रखकर, आपके पूरे दिन को बेहतर तरीके से प्लान करने में एक सच्चे दोस्त की तरह मदद करती है।
- दर्शकों का दिमाग पढ़कर बनेंगी फिल्में: ब्रिटेन के इस 'सिनेमा लैब' में मशीनों से हो रहा है अनोखा प्रयोग, जानें
- AC Coil: कॉपर या एल्युमिनियम? जानिए कौन सा कॉयल वाला एयर कंडिशनर चलेगा ज्यादा और खाएगा कम बिजली
- SIM Deactivation: बिना रीचार्ज कितने दिन एक्टिव रह सकता है SIM? जानें कब कंपनी दूसरे को दे सकती है आपका नंबर
- 'भस्मासुर जैसा है AI': रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- फायदे अनेक, पर गलत हाथों में गया तो लाएगा तबाही