Scam On Ships: समुद्र के बीच मंडरा रहा डिजिटल फ्रॉड का साया! होर्मुज में फंसे जहाजों को लूट रहे क्रिप्टो ठग
Crypto Scam On Ships:
होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों के बीच अब एक नया खतरा सामने आया है। साइबर ठग खुद को ईरानी अधिकारी बताकर शिपिंग कंपनियों से क्रिप्टोकरेंसी में पैसे मांग रहे हैं, जिससे वैश्विक समुद्री सुरक्षा और सप्लाई चेन पर चिंता बढ़ गई है।

विस्तार
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास सैकड़ों जहाज इस समय फंसे हुए हैं और इसी हालात का फायदा उठाकर साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोग खुद को ईरानी अधिकारी बताकर शिपिंग कंपनियों को निशाना बना रहे हैं। ये ठग कंपनियों से क्रिप्टोकरेंसी में पैसे मांग रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि भुगतान करने के बाद ही जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा। इस तरह का फ्रॉड समुद्र के बीच फंसे जहाजों के लिए नई मुसीबत बन गया है।
फर्जी मैसेज के जरिए मांगा जा रहा पैसा
ग्रीक मैरीटाइम रिस्क फर्म MARISKS ने इस पूरे मामले को लेकर चेतावनी जारी की है। कंपनी के अनुसार, शिपिंग कंपनियों को ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं जिनमें पहले जहाज के दस्तावेज भेजने और फिर फीस के रूप में भुगतान करने को कहा जाता है। इन मैसेज में खास तौर पर Bitcoin और Tether में भुगतान की मांग की जा रही है, जिससे लेनदेन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है।
ईरानी एजेंसियों से कोई लेना-देना नहीं
MARISKS ने साफ तौर पर कहा है कि ये सभी मैसेज पूरी तरह फर्जी हैं और इनका किसी भी आधिकारिक ईरानी एजेंसी से कोई संबंध नहीं है। यह एक सुनियोजित साइबर धोखाधड़ी है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि कुछ जहाज इन ठगों के जाल में फंस भी चुके हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वैश्विक सप्लाई चेन पर असर
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस का परिवहन होता है। मौजूदा तनाव और सुरक्षा खतरे के कारण इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़ सकता है, जिससे ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हो सकता है।
साइबर ठगी का बढ़ता दायरा
यह घटना साफ दिखाती है कि साइबर अपराधी अब सिर्फ इंटरनेट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे वैश्विक संकटों का भी फायदा उठा रहे हैं। क्रिप्टोकरेंसी के जरिए किए जा रहे ऐसे फ्रॉड को ट्रैक करना मुश्किल होता है, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है। होर्मुज की मौजूदा स्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया है कि संकट के समय ठग और ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में शिपिंग कंपनियों और एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध मैसेज से सतर्क रहने की जरूरत है।
- बजट फोन्स पर महंगाई की मार: 15,000 रुपये से कम वाले फोन्स में सबसे ज्यादा इजाफा, जानें क्यों बढ़ रहे दाम
- XChat: आईफोन यूजर्स के लिए खुशखबरी! 25 अप्रैल को लॉन्च हो रहा है X का नया मैसेजिंग एप, जानें क्या होंगे फीचर्स
- OPPO F33 Series 5G Review: अटूट मजबूती और बेमिसाल AI फीचर्स के साथ मिड-रेंज का नया किंग, हर मामले में नंबर-1
- EU: क्या जानबूझकर जल्दी खराब किए जाते हैं स्मार्टफोन? यूरोपियन यूनियन ने पकड़ा फोन कंपनियों का ये सिक्रेट गेम