PM Mask Yojana: कोरोना वायरस से बचने के लिए फ्री में मिलेगा मास्क? जानें इस मैसेज की सच्चाई

विस्तार
कोरोनावायरस को लेकर जहां पूरी दुनिया डरी हुई है। तमाम देश नागरिकों को बचाने के लिए हर-संभव प्रयास कर रहे हैं, इसी बीच धोखाधड़ी और कालाबाजारी करने वाले लोग भी अपनी किस्मत चमकाने में लगे हैं। कई जगहों पर छापेमारी में नकली सैनेटाइजर और मास्क मिल रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर पीएम मास्क योजना नाम से एक मैसेज वायरल हो रहा है जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि सरकार लोगों को फ्री में मास्क बांट रही है। आइए जानते हैं इस मैसेज की सच्चाई...
वायरल मैसेज में क्या लिखा है?

व्हाट्सएप पर वायरल मैसेज में लिखा है, 'कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छ भारत के अंतर्गत सभी भारतीयों को कोरोना वायरस मुक्त मास्क देने का फैसला किया है। आप भी नीचे दिए लिंक पर क्लिक करके अपना फ्री मास्क ऑर्डर करके पहनिए और स्वच्छ भारत का हिस्सा बनिए'। इस मैसेज के साथ एक लिंक भी शेयर किया जा रहा है जिसका यूआरएलhttps://pmmaskyojna.blogspot.com/है।
क्या है वायरल हो रहे मैसेज की सच्चाई?

वायरल हो रहे इस मैसेज को लेकर प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो ने एक ट्वीट करके कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा ‘पीएम मास्क योजना’ जैसी कोई भी योजना नहीं चलाई जा रही है | #CoronavirusOutbreak पर अफवाहों से बचें। तो यदि आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आया है तो उस पर क्लिक ना करें और मैसेज को फॉरवर्ड करने से भी बचें। मैसेज के साथ मिल रहे लिंक के जरिए आपको हैकिंग का शिकार बनाया जा सकता है।