कार्रवाई: फेसबुक पर लगा 520 करोड़ का जुर्माना, Giphy से जुड़ा है पूरा मामला
नियामक का कहना है कि फेसबुक Giphy के अधिग्रहण के बारे में पूरी जानकारी देने में विफल रहा है। इसके अलावा फेसबुक जांच के दौरान Giphy को अपने प्लेटफॉर्म के साथ संचालन करने में भी विफल रहा है।

विस्तार
फेसबुक पर ब्रिटेन की प्रतिस्पर्धा नियामक ने 50.5 मिलियन पाउंड यानी करीब 520 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। फेसबुक पर यह जुर्माना जीआईएफ प्लेटफॉर्म जिफी (Giphy) की खरीद के बाद जांच के दौरान नियामक के आदेश का उल्लंघन करने के लिए लगाया गया है। प्रतिस्पर्धा और बाजार प्राधिकरण (सीएमए) ने इस मामले पर कहा है कि फेसबुक ने जानबूझकर ऐसा किया है। ऐसे उसके ऊपर जुर्मना लगाना और उसे चेतावनी देना अनिवार्य है, क्योंकि कोई भी कंपनी कानून से ऊपर नहीं है।
नियामक का कहना है कि फेसबुक Giphy के अधिग्रहण के बारे में पूरी जानकारी देने में विफल रहा है। इसके अलावा फेसबुक जांच के दौरान Giphy को अपने प्लेटफॉर्म के साथ संचालन करने में भी विफल रहा है। नियामक ने कहा है कि फेसबुक ने Giphy के अधिग्रहण के संबंध में जरूरी सूचनाएं नहीं दी है, जबकि इसे लेकर उसे बार-बार चेतावनी दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक फेसबुक अपनी री-ब्रांडिंग की तैयारी कर रहा है। अगले सप्ताह फेसबुक के नए नाम का एलान हो सकता है। 28 अक्तूबर को होने वाले एक इवेंट में फेसबुक के सीईओ मार्क जुकगरबर्ग कंपनी के नए नाम की घोषणा कर सकते हैं। फेसबुक एप के अलावा कंपनी के अन्य प्रोडक्ट जैसे Instagram, WhatsApp, Oculus आदि के नाम को लेकर भी बड़े एलान हो सकते हैं, हालांकि इस रिपोर्ट पर फेसबुक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।