अब व्हाट्सऐप से भी कर सकेंगे खरीदारी, आ रहा है शॉपिंग का फीचर

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Wed, 01 May 2019 03:30 PM IST
facebook f8 developer conference 2019: Facebook to add shopping features in WhatsApp
Facebook to add shopping features in WhatsApp

    फेसबुक ने सोमवार को अपने वार्षिक डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस F8 में कई सारे बड़े एलान किए हैं। इस साल का कॉन्फ्रेंस पूरी तरह से प्राइवेसी और सिक्योरिटी पर फोकस रहा। इस कॉन्फ्रेंस के अहम एलान की बात करें फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग जल्द ही अपने व्हाट्सऐप यूजर्स को खरीदारी का मौका देने वाले हैं, दूसरे शब्दों में कहें तो जल्द ही आप अपने व्हाट्सऐप ऐप से ही खरीदारी कर सकेंगे।

    व्हाट्सऐप का यह फीचर व्हाट्सऐप के बिजनेस अकाउंट्स वालों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा, क्योंकि अभी तक तो तमाम कंपनियां व्हाट्सऐप पर लोगों को जानकारियां पहुंचा रही हैं लेकिन जल्द ही वे अपने ग्राहकों को सामान बेच सकेंगी। इसके लिए उन्हें अपने ग्राहकों को अपनी वेबसाइट पर ले जाने की दरकार नहीं होगी।

    नए अपडेट के बाद व्हाट्सऐप के बिजनेस ऐप में ही प्रोडक्ट को ठीक उसी तरह लिस्ट किया जा सकेगा जिस तरह आप किसी अन्य ई-कॉमर्स वेबसाइट के ऐप में देखते हैं। ऐसे में आप चैटिंग करते-करते खरीदारी कर सकेंगे, हालांकि व्हाट्सऐप में इस फीचर के लिए आपको साल 2019 के अंत तक इंतजार करना होगा। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि शॉपिंग फीचर लॉन्च करने के साथ ही कंपनी व्हाट्सऐप में पेमेंट फीचर का भी अपडेट जारी करेगी।

    इस इवेंट में फेसबुक ने फेसबुक और मैसेजर को री-डिजाइन करने की घोषणा की है। साथ ही कंपनी ने फोटो शेयरिंग ऐप इंस्टाग्राम के कैमरे भी कई बदलाव किए है। कंपनी ने यह भी कहा है कि फेसबुक में डेटिंग के लिए अलग से सीक्रेट क्रश नाम से एक विकल्प मिलेगा।

    और पढ़ें...