Cyber Frauds: साइबर फ्रॉड मामलों की लाखों में शिकायत मगर गिरफ्तारी एक फीसदी से भी कम, जानें वजह
देश में साइबर फ्रॉड के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में एक हैरान करने वाला सरकारी आंकड़ा सामने आया है। साइबर फ्रॉड के मामलों में कम हो रही है अपराधियों की गिरफ्तारी।

विस्तार
साइबर अपराध के लगातार बढ़ते मामलों ने सरकार को चिंता में डाल रखा है। हाल ही में साइबर फ्रॉड के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल यानी एनसीआरपी ने बताया है कि 2020 से लेकर फरवरी 2024 के बीच लगभग 31 लाख शिकायतें साइबर फ्रॉड की मिली। इस दौरान सबसे गंभीर बात ये रही कि साइबर फ्रॉड के मामलों में बेहद ही कम लोगों की गिरफ्तारी हो पाई।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, साइबर फ्रॉड के कुल मामलों में से 1 फीसदी से भी कम मामलों में ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सका। देशभर में साइबर अपराध को रोकने वाली अलग-अलग एजेंसियों ने 66 हजार के करीब एफआईआर दर्ज की। मगर इनमें से इस साल तक सिर्फ 500 मामलों में ही गिरफ्तारी हो सकी है।
देश के गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय की अलग-अलग बैठकों में इस मुद्दे को उठाया गया है। साइबर फ्रॉड के मामलों में अपराधियों की कम गिरफ्तारियां चिंता का बड़ा विषय है। इसमें भी लोन देने वाले एप्स देश की अर्थव्यवस्था और संरचना को काफी नुकसान पहुंचाते हैं। लोन एप्स के जरिए साइबर फ्रॉड करने वाले व्यक्तियों को पकड़ने में सुस्ती की एक बड़ी वजह है, मामलों की जांच की रफ्तार का धीमा होना।