UPI: WhatsApp से भी विदेशों में कर सकेंगे यूपीआई पेमेंट, जल्द मिलेगा नया अपडेट
दुनिया के करीब 20 देश यूपीआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में यूपीआई पेमेंट की सर्विस देने वाली कंपनियां भी पूरी तैयारी कर रही हैं। मेटा के स्वामित्व वाले मल्टीमीडिया मैसेजिंग एप WhatsApp अब यूपीआई को लेकर बड़ी तैयारी कर रहा है।

विस्तार
भारत के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। दुनिया के करीब 20 देश यूपीआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में यूपीआई पेमेंट की सर्विस देने वाली कंपनियां भी पूरी तैयारी कर रही हैं। मेटा के स्वामित्व वाले मल्टीमीडिया मैसेजिंग एप WhatsApp अब यूपीआई को लेकर बड़ी तैयारी कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक जल्द ही WhatsApp, विदेश में यूपीआई पेमेंट की सुविधा देगा यानी आप अपने व्हाट्सएप के जरिए ही विदेशों में भी पेमेंट कर सकेंगे। बता दें कि WhatsApp ने भारत से यूपीआई की शुरुआत साल 2020 में की थी।
WhatsApp के इस नए अपडेट के बारे में टिप्स्टर @AssembleDebug ने एक्स पर जानकारी दी है। फिलहाल WhatsApp का इंटरनेशनल यूपीआई पेमेंट यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। इसकी फिलहाल टेस्टिंग हो रही है, हालांकि इस सुविधा का लाभ केवल भारतीय यूजर्स को ही मिलेगा।
WhatsApp के इस नए अपडेट का एक स्क्रीनशॉट भी सामने आया है। व्हाट्सएप के इस फीचर का व्हाट्सएप के अरबों यूजर्स को मिलेगा। व्हाट्सएप के यूजर्स भारत समेत पूरी दुनिया में हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Google Pay, PhonePe और अन्य डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म पहले से ही यह सुविधा दे रहे हैं।