Tumblr का बड़ा फैसला, अब यूजर्स नहीं देख पाएंगे ऐसी सामग्री

अपने प्लेटफॉर्म पर अश्लील वीडियो और सामग्री को लेकर आलोचना झेल रहे सोशल नेटवर्किंग साइट टंबलर ने अपने प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। कंपनी ने इसी महीने की शुरुआत में कहा था कि 17 दिसंबर से साइट पर ऐसी कोई भी सामग्री दिखनी बंद हो जाएगी। बच्चों के शोषण की तस्वीर को टंबलर ने अपने फिल्टर के रूप में इस्तेमाल किया। बता दें कि कुछ दिन पहले ही कंपनी ने अपनी नई पॉलिसी बनाई है।
टंबलर की नई पॉलिसी के तहत यूजर्स अब मानव जननांग या महिलाओं की अश्लील फोटो या वीडियो अपलोड नहीं कर सकते। हालांकि कलात्मक, शैक्षणिक, समाचार योग्य या राजनीति से जुड़ी किसी भी तरह की न्यूडिटी या पोस्ट को साइट से हटाया नहीं जाएगा।
वहीं जो यूजर्स अडल्ट कंटेंट पोस्ट करेंगे उन्हें एक नोटिस मिलेगा जिसमें बताया जाएगा कि प्रतिबंध के खिलाफ अपील कैसे करें। इससे पहले मैच्योर कंटेंट मिलने पर इंडोनेशिया में एक दिन के लिए साइट को बैन कर दिया गया था, जबकि साउथ कोरिया ने अपनी सर्विस पर अडल्ट कंटेंट में सुधार करके उसे बेहतर बनाने के लिए कहा था।
बता दें कि अश्लील सामग्री को लेकर बीजेपी सांसद राजीव चंद्रशेखर ने TikTok, Kwai, LiveMe, LIKE, Helo, Welike जैसे ऐप पर बैन लगाने की मांग की है। उन्होंने आईटी मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद को इस संबंध में एक पत्र भी लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि इन ऐप को भारत में फौरन बंद कर देना चाहिए क्योंकि इससे बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है।