सरकार के दवाब के बाद भारत में अपना डाटा सर्वर लगाने की तैयारी में TikTok

सरकार के दबाव के शॉर्ट वीडियो एप टिकटॉक (TikTok) और हेलो (Helo) भारत में सर्वर लगाने की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में भारतीय यूजर्स का डाटा भारत में ही रहेगा। यहां गौर करने वाली बात यह है कि टिकटॉक की प्रमोटर कंपनी बाइटडांस का यह फैसला उस वक्त आया है, जब भारत सरकार ने कंपनी से 24 सवालों के जवाब मांगे हैं जिनका जवाब कंपनी को 22 जुलाई तक देना होगा।
कंपनी के बयान के मुताबिक 6-18 महीनों में भारत में डाटा स्टोर के लिए सर्वर काम करने लगेगा। बता दें कि फिलहाल भारतीय यूजर्स का डाटा कंपनी ने अमेरिका और सिंगापुर में रखा है। वहीं भारत में टिकटॉक के यूजर्स की संख्या व्हाट्सएप और फेसबुक के यूजर्स के करीब पहुंच गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में टिकटॉक के 20 करोड़ यूजर्स हो गए हैं।
बता दें कि पिछले सप्ताह ही इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से संबंद्ध संगठन स्वदेशी जागरण मंच की प्रधानमंंत्री मोदी से शिकायत के बाद टिकटॉक और हेलो को नोटिस जारी किया था।
मंत्रालय ने इन दोनों एप से इस आरोप पर भी जवाब मांगा है कि ये एप्स 'राष्ट्रविरोधी' गतिविधियों का अड्डा बन गए हैं। वहीं टिकटॉक का कहना है कि वे अगले तीन साल में स्थानीय कम्यूनिटी की जिम्मेदारी के लिये टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने को लेकर 100 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी।