व्हाट्सएप की टक्कर में Telegram ने जारी किया बड़ा फीचर, भेज सकते हैं 2GB तक की फाइल

मल्टीमीडिया मैसेजिंग एप व्हाट्सएप के लिए टेलीग्राम (Telegram) मुसीबत बनता जा रहा है। कोरोना संक्रमण फैलने के बाद टेलीग्राम के यूजर्स की संख्या में अचानक से बढ़ोतरी हुई है और इसका बड़ा कारण यह है कि टेलीग्राम ग्रुप को लाखों लोग ज्वाइन कर सकते हैं लेकिन व्हाट्सएप के साथ ऐसा नहीं है।
वहीं अब Telegram ने व्हाट्सएप की टक्कर में एक और बड़ा फीचर जारी किया है। टेलीग्राम पर अब आप 2 जीबी तक की फाइल शेयर कर सकते हैं। अब यहां आपको बता दें कि व्हाट्सएप पर आप महज 16एमबी तक की फाइल ही शेयर कर सकते हैं। इससे पहले टेलीग्राम में 1.5 जीबी तक डाटा शेयर करने का फीचर था।
इसके अलावा टेलीग्राम ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए नई डिजाइन का म्यूजिक प्लेयर पेश किया है। इसके अलावा टेलीग्राम के डेस्कटॉप यूजर एक साथ तीन अकाउंट में लॉगिन कर सकते हैं। बता दें कि टेलीग्राम में मल्टीडिवाइस का सपोर्ट साल 2017 में दिया था।
वहीं टेलीग्राम में अब प्रोफाइल में वीडियो अपलोड करने की भी सुविधा हो गई है। प्रोफाइल वीडियो में आप फ्रेम भी एड कर सकते हैं। टेलीग्राम में वीडियो एडिटिंग की भी सुविधा आ गई है यानी किसी वीडियो को शेयर करने से पहले आप उसे एडिट भी कर सकते हैं। प्रोफाइल वीडियो को भी आप एडिट कर सकते हैं।