अब किसी भी मेल अकाउंट से एक्सेस होगा आपका याहू मेल ऐप

याहू मेल ऐप पर अब आप अपने जीमेल, आउटलूक या किसी अन्य ई-मेल का इस्तेमाल करके एक्सेस कर सकते हैं। सोमवार को कंपनी ने याहू के इस नए फीचर की आधिकारिक घोषणा कर दी। कंपनी ने बताया कि याहू मेल ऐप टीम हमेशा नए फीचर तलाशने में लगी रहती है। टीम ऐसे फीचर लाना चाहती है जिससे लोगों को संस्थान के साथ जुड़े रहने में लाभ मिले।
याहू के नए फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपको अपने ई-मेल से याहू अकाउंट बनाना होगा। अपने याहू अकाउंट को अपने मेल से सिंक करने की इजाजत दें। इसके बाद आप याहू की नई सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। नया याहू मेल ऐप, ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद है। आप इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं।
बता दें कि याहू ने फरवरी में कॉलर आईडी और फोटो अपलोड फीचर अपने ऐप यूजर्स के लिए लॉन्च किया था। नया कॉलर आईडी फीचर कॉल करने पर किसी यूजर (जिन यूजर का नंबर आपके फोन में स्टोर ना हो) की तस्वीर और उसकी मौजूद जानकारी को आपकी स्क्रीन पर शो करता है। जैसे ही किसी अनजान नंबर से आपको कॉल आती है, ऐप आपकी स्क्रीन पर उन कॉलर की जानकारी दिखा देता है। याहू यूजर की जानकारी उसके ई-मेल से प्राप्त करता है और आपकी स्क्रीन पर शो करता है।