एंड्रॉयड यूजर्स के लिए Microsoft की चेतावनी, कभी भी हैक हो सकता है आपका फोन

यदि आप भी एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। माइक्रोसॉफ्ट ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उनका स्मार्टफोन किसी भी वक्त हैक हो सकता है। माइक्रोसॉफ्ट ने यह चेतावनी एंड्रॉयड रैनसमवेयर MalLocker.B को लेकर जारी किया है।
माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि यह रैनमसवेयर ऑनलाइन फोरम और वेबसाइट के जरिए लोगों के फोन में पहुंच रहा है। आमतौर पर इसे एंड्रॉयड एप्स के अंदर देखा गया है। ऐसे में आपके लिए बहुत जरूरी है कि किसी वेबसाइट से एप डाउनलोड करते वक्त सतर्क रहें।
अन्य रैनसमवेयर की तरह यह यूजर्स के फोन को एंक्रिप्ट नहीं कर रहा है, बल्कि यह यूजर्स को फोन की स्क्रीन इस्तेमाल करने से रोक रहा है। सीधे शब्दों में कहें तो यदि यह रैनसमवेयर आपके फोन में पहुंच जाता है तो यह फोन की स्क्रीन को फ्रीज कर देगा। फ्रीज होने के बाद स्क्रीन पर एक मैसेज भी दिख रहा है कि किसी कानून प्रवर्तन एजेंसी ने आपके फोन को लॉक किया है, अनलॉक करने के लिए फाइन देना होगा।
ये भी पढ़ें: फोन में सेव है बैंक डीटेल तो तुरंत डिलीट करें, BlackRock खाली कर देगा खाता
यह वायरस फोन पर आने वाले कॉल का काफी फायदा उठा रहा है। जैसे ही यूजर्स के फोन पर किसी का कॉल आता है तो यह एक्टिवेट हो जाता है। इसके अलावा होम बटन और रिसेंट एप बटन क्लिक करने पर भी यह एक्टिवेट होता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस रैनसमवेयर का कोड काफी आसान है। ऐसे में यह वायरस काफी तेजी से लाखों-करोड़ों डिवाइस तक पहुंच सकता है। अब सवाल यह है कि इस खतरनाक वायरस से बचने का तरीका क्या है। सबसे आसान और बढ़िया उपाय यही है कि आप किसी वेबसाइट या थर्ड पार्टी एप स्टोर से किसी एप को अपने फोन में डाउनलोड ना करें।