लॉन्च होते ही ब्राजील में छा गया देसी एप Koo, 48 घंटे में 10 लाख लोगों ने किया डाउनलोड
कू एप को ब्राजील में पुर्तगाली भाषा में लॉन्च कर दिया गया है और अब यह 11 मूल भाषाओं में उपलब्ध हो गया है। पिछले कुछ दिनों से एंड्रॉयड प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर दोनों पर कू एप नंबर 1 स्थान पर काबिज है।

विस्तार
देसी माइक्रोब्लॉगिंग एप Koo ब्राजील में वायरल हो रहा है। ब्राजील में लॉन्चिंग के महज 48 घंटे में ही Koo एप को 10 लाख से अधिक यूजर ने डाउनलोड किया है। कू एप को ब्राजील में पुर्तगाली भाषा में लॉन्च कर दिया गया है और अब यह 11 मूल भाषाओं में उपलब्ध हो गया है। पिछले कुछ दिनों से एंड्रॉयड प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर दोनों पर कू एप नंबर 1 स्थान पर काबिज है।
कू एप ने ब्राजील में यूजर्स द्वारा 48 घंटों के भीतर 20 लाख कू पोस्ट और 1 करोड़ लाइक्स देखे हैं। कू एप इस देश में लोगों के दिलों को जीतने का सिलसिला जारी रखे हुए है और जल्द ही एक आसान परिवर्तन के लिए, ट्विटर से एक कू अकाउंट में सारे ट्वीट लेकर आने और लिस्ट्स को फॉलो करने की क्षमता प्रदान करेगा यानी आने वाले समय में आप अपने ट्विटर अकाउंट के डाटा को कू एप पर ट्रांसफर कर सकेंगे।
इस उपलब्धि पर कू एप के सह-संस्थापक, मयंक बिदावतका ने कहा, “हमने देखा कि पिछले 48 घंटों में ब्राजील के 10 लाख से ज्यादा यूजर्स कू एप से जुड़ गए हैं और यह अब तक के सबसे अधिक जुड़ाव में से एक है। सोशल मीडिया के लिहाज से ब्राजील बड़ा है और अपनी मूल भाषा, पुर्तगाली बोलता है। कू एप ब्राजील में जबरदस्त रूप से मशहूर ब्रांड बन गया है जिसकी फैन फॉलोइंग अविश्वसनीय है। टेक प्रोडक्ट की दुनिया में 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' का मूवमेंट शुरू करने पर हमें गर्व है। हमने ब्राजील को भारत का दीवाना बना दिया है। हर नई भाषा और देश में लॉन्चिंग के साथ, हम भाषाई दीवारों से अलग पड़ी दुनिया को एकजुट करने के अपने मिशन के करीब पहुंचेंगे।”
लॉन्चिंग के बाद ब्राजील की प्रसिद्ध हस्तियां जैसे क्लाउजा लेत्ते (Claudia Leitte), अभिनेता बाबू संताना, लेखक रोसाना हरमन, समाचार पोर्टल चोकुई कू एप से जुड़ चुके हैं। मशहूर हस्ती फेलिप नेटो कू एप से जुड़ने के केवल दो दिनों में 4.5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले यूजर बन गए हैं।