गूगल मैप्स में आने वाला है बड़ा अपडेट, स्थानीय भाषा में बोलकर बताएगा विदेशी जगहों के नाम

गूगल ने अपने मैप्स के लिए बड़ा अपडेट जारी करने का एलान किया है। गूगल मैप्स के नए अपडेट में अनुवाद का फीचर जोड़ा गया है जिसकी मदद से गूगल मैप्स यात्रियों की सुविधा के लिए विदेशी जगहों के नाम स्थानीय भाषा में बोलकर बताएगा।
इसके अलावा मैप्स स्थानीय भाषा में उस जगह के बारे में पूरी जानकारी भी देगा। इसके लिए जल्द ही गूगल मैप्स का एंड्रॉयड और आईफोन के लिए अपडेट जारी किया जाएगा। गूगल ने इस नए फीचर की जानकारी अपने ब्लॉग में दी है।

गूगल ने अपने ब्लॉग में लिखा है, 'गूगल मैप्स एप किसी जगह के नाम पर टैप (क्लिक) करने पर स्पीकर ऑन होगा और आपको उस जगह के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। अधिक जानकारी के लिए मैप्स में गूगल ट्रांसलेट को लिंक किया गया है।' साथ ही एप में दी गई टेक्स्ट-टू-स्पीच टेक्नोलॉजी अपने आप ही आपके फोन की भाषा को डिटेक्ट कर लेगी और फिर उसी भाषा में आपको जानकारी देगी।
बता दें कि गूगल ने कुछ दिन पहले ही गूगल मैप्स के लिए इनकॉग्निटो (प्राइवेट) मोड जारी किया है जिसका अपडेट एंड्रॉयड और आईओएस यूजर दोनों को धीरे-धीरे मिल रहा है। इनकॉग्निटो मोड की घोषणा पहली बार इसी साल गूगल I/O इवेंट में हुई थी।