तीन साल का हुआ UMANG एप, 23 नवंबर को रविशंकर प्रसाद लॉन्च करेंगे अंतरराष्ट्रीय वर्जन

उमंग (UMANG) एप के तीन साल पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, संचार तथा विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद की अध्यक्षता में 23 नवंबर 2020 को शाम चार बजे एक ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य करीब 20 भागीदार विभागों से सुझाव और फीडबैक हासिल करना है। उमंग के मुख्य भागीदारों में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), प्रत्यक्ष लाभ अंतरण विभाग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और पशु पालन मंत्रालय तथा कर्मचारी चयन आयोग शामिल हैं।
सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्रालय के सहयोग से उमंग का एक अंतरराष्ट्रीय संस्करण कुछ चुनिंदा देशों जैसे अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, सिंगापुर और न्यूजीलैंड के लिए जारी किया जाएगा। यह संस्करण इन देशों में रह रहे भारतीय छात्रों, प्रवासी भारतीयों और भारतीय पर्यटकों को किसी भी समय भारत सरकार की सेवाएं प्राप्त करने में मदद करेगा। यह भारत को उमंग पर उपलब्ध ‘भारतीय संस्कृति’ सेवाओं के जरिए विश्व तक पहुंच बनाने और विदेशी पर्यटकों में भारत की यात्रा के प्रति दिलचस्पी बढ़ाने में मददगार होगा।
उमंग मोबाइल एप (नए युग के प्रशासन के लिए एकीकृत मोबाइल एप्लीकेशन) भारत सरकार का समग्र, एकमात्र, एकीकृत, सुरक्षित, बहुआयामी, बहुभाषी, बहुसेवा प्रदाता मोबाइल एप है। इसके जरिए केन्द्र और राज्यों के विभिन्न संगठनों की उच्च प्रभाव वाली सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध होती है।
उमंग एप को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस विभाग (एनईजीडी) ने डेवलप किया है। प्रधानमंत्री ने इसे 163 सेवाओं के साथ 23 नवंबर, 2017 को लॉन्च किया था। फरवरी 2018 में उमंग एप ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में आयोजित सरकारों के छठे विश्व सम्मेलन में ‘सर्वश्रेष्ठ एम-गवर्नमेंट सर्विस’ पुरस्कार समेत चार विशिष्ट पुरस्कार प्राप्त किए।
अब उमंग 2039 सेवाएं (88 केंद्रीय विभागों से 373, 27 राज्यों के 101 विभागों से 487 और जनोपयोगी सेवाओं के बिलों के भुगतान के लिए 1179 सेवाएं) प्रदान करता है और यह सेवाएं निरंतर बढ़ रही हैं। उमंग मोबाइल एप एंड्रॉयड, आईओएस, सभी वेब ब्राउजिंग प्लेटफॉर्म और केएआईओएस (जियो फीचर फोन पर उपलब्ध) पर चुनिंदा 80 सेवाओं के लिए उपलब्ध है। अब तक उमंग को 3.75 करोड़ से ज्यादा लोगों द्वारा डाउनलोड किया जा चुका है।
- Apple ने इस साल लॉन्च किए सबसे ज्यादा प्रोडक्ट, iPhone SE से लेकर M1 प्रोसेसर तक, देखें पूरी लिस्ट
- Microsoft ने दिया बड़ा तोहफा, Teams पर अब फ्री में करें दिन भर कॉलिंग
- रोज 1.5GB डाटा वाले Jio के सभी प्लान, 28 दिन से लेकर 336 दिनों तक है वैधता
- फेसबुक मैसेंजर में आया बड़ा बग, कोई भी कर सकता है आपकी जासूसी